पूर्वी चंपारण में गैंगवार: शातिर धर्मेंद्र की हत्या, गिरफ्तार बदमाश ने कहा - दोस्त की हत्या का लिया बदला
पूर्वी चंपरण के पीपराकोठी प्रखंड क्षेत्र की घटना। गोली मार भाग रहे दो बदमाशों को ग्रामीणों ने खदेड़कर पकड़ा। जमकर पिटाई के बाद पुलिस को सौंपा पुलिस अभिरक्षा में इलाज जारी।
पूर्वी चंपारण, जेएनएन। जिले के पीपराकोठी प्रखंड क्षेत्र की दक्षिण ढेकहां पंचायत के हथियाही गांव में मंगलवार को गैंगवार में दो बदमाशों ने शातिर धर्मेंद्र सहनी की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद भाग रहे दोनों बदमाशों को ग्रामीणों ने खदेड़कर पकड़ा और जमकर पिटाई की। इसके बाद पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने दोनों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया है। धर्मेंद्र सहनी हथियाही गांव निवासी मुन्नी सहनी का पुत्र था। वहीं, गिरफ्तार दोनों बदमाश पीपरा थाना क्षेत्र के टिकुलिया गांव निवासी चुन्नू कुमार सहनी और कन्हैया सहनी हैं।
डीएसपी सदर अरुण कुमार गुप्ता ने कहा कि गैंगवार में मारे गए धर्मेंद्र सहनी पर मोतिहारी, मुजफ्फरपुर व शिवहर में हत्या, लूट, डकैती व आम्र्स एक्ट के दर्जनभर संगीन मामले दर्ज थे। पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है। हर हाल में बदमाशों का नेटवर्क ध्वस्त किया जाएगा।
दोस्त की हत्या का बदला लिया
बताया गया कि चुन्नू और कन्हैया बाइक से धर्मेंद्र के घर पहुंचे। चाय नाश्ता के बाद जाने के दौरान उसे बुलाकर घर से कुछ दूरी पर ले गए। इसी बीच एक बदमाश ने धर्मेंद्र के सिर पर पीछे से लोकल मेड पिस्टल से गोली मार दी। दोनों भागने लगे तो ग्रामीणों ने एक किमी दूर तक खदेड़कर पकड़ा और बुरी तरह पीटा। बाद में पुलिस ने दोनों को सदर अस्पताल मोतिहारी में भर्ती कराया। वहां पुलिस अभिरक्षा में दोनों का इलाज जारी था। वहीं, गोली से घायल धर्मेंद्र को मोतिहारी के एक नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान मौत हो गई।
पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजनों के हवाले कर दिया। थानाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने कहा कि दोनों बदमाशों से पूछताछ जारी है। सदर अस्पताल में इलाज करा रहे बदमाश चुन्नू ने बताया कि धर्मेंद्र ने उसके दोस्त सोनू कुमार को गोली मारी थी। बदले में उसने भी गोली मारी। सोनू की हत्या चक्रधे गांव में राजन यादव ने पुत्र के जन्मदिन पर भोज में बुलाकर सुपारी किलर से हत्या कराई थी। इसमें धर्मेंद्र सहनी व राहुल कुमार का हाथ बताया गया था।