शराब के नशे में धुत डॉक्टर और बैंककर्मी समेत चार गिरफ्तार, दो कार जब्त
जांच अभियान का नेतृत्व खुद एसएसपी व सिटी एसपी कर रहे थे। इस दौरान अघोरिया बाजार के समीप कार सवार डॉक्टर व बैंककर्मी को नशे की हालत में पकड़ा गया।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। जिले की विशेष पुलिस टीम ने शुक्रवार की रात शहर के विभिन्न जगहों पर जांच अभियान चलाया। अभियान का नेतृत्व खुद एसएसपी मनोज कुमार व सिटी एसपी नीरज कुमार सिंह कर रहे थे। इस दौरान अघोरिया बाजार के समीप कार सवार डॉक्टर व बैंककर्मी को नशे की हालत में पकड़ा गया। ब्रेथ एनालाइजर से जांच में शराब पीने की पुष्टि हुई है। दोनों की पहचान डॉ. सुनील कुमार सिंह और बैंककर्मी बीएन सिंह के रूप में हुई है। दोनों शिवहर से मनियारी के सोनबरसा जा रहे थे।
सोनबरसा में डॉक्टर का क्लीनिक है और सरकारी अस्पताल में तैनात है। वहीं पटना की ओर से आ रही कार सवार दो लोगों को अघोरिया बाजार के समीप ही शराब के नशे में पकड़ा गया। इसमें नयाटोला के प्रभात कुमार और अनीस कुमार शामिल है। जांच में इन दोनों के भी शराब पीने की पुष्टि हुई है। दोनों के कार जब्त कर लिए गए है। एसएसपी ने कहा कि देर रात तक शहर के विभिन्न इलाकों में यह अभियान जारी रहेगा।
एसएसपी के द्वारा स्वयं देर रात शहर के मुख्य मार्गाे पर वाहनों की जांच से लोगों में हड़कंप रहा। साथ ही शराब का सेवन कर गाड़ी चलाने वालों में डर बढ़ गया है। रात्रि पहर वाहनों की जांच निरंतर जारी रखने का निर्देश दिया गया है। यहां बता दें कि मुजफ्फरपुर लोकसभा संसदीय क्षेत्र में चुनाव को लेकर पुलिस ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। वाहनों की जांच लगातार जारी है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप