बगैर वीजा के नेपाल के रास्ते भारत में प्रवेश कर रहे चार नाइजीरियन नागरिक गिरफ्तार, पूछताछ जारी
आव्रजन के अधिकारियों ने गिरफ्तार नागरिकों के पास से रक्सौल-आनंद बिहार सत्याग्रह एक्सप्रेस ट्रेन का टिकट व पासपोर्ट किया बरामद।
पूर्वी चंपारण, जेएनएन। पूर्वी चंपारण के रक्सौल स्थित भारत-नेपाल सीमा के सीमा शुल्क कार्यालय के समीप से गुरुवार की रात आव्रजन कार्यालय के अधिकारियों ने चार नाइजीरियन नागरिकों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार लोगों में उदयलर सैम्युल उचे अनमबारा, ओके डेमसेंड केल्ली, आनमबारा, एनीआसो सेमसन डार्डी, नाकप्रो और आइवे मॉसेफ फेवयुर अमेची शहर के है। रक्सौल अनुमंडल के डीएसपी संजय कुमार झा ने बताया कि लोकसभा चुनाव को लेकर बॉर्डर पर विशेष सतर्कता का निर्देश दिया गया है।
इस दौरान विभिन्न सुरक्षा एजेंसी सघन गश्ती पर थी। इस दौरान नेपाल के रास्ते भारतीय सीमा में प्रवेश कर रहे नाइजीरिया नागरिकों को गिरफ्तार किया। सूचना मिलते ही हरैया ओपी थानाध्यक्ष धुव्रनारायण गश्ती दल के साथ मौके पर पहुंचकर गिरफ्तार नागरिकों से पूछताछ की जहां उनलोगों ने बताया कि नेपाल फुटबॉल खेलने पहुंचे थे। भारत में खरीदारी करने के लिए जा रहे थे। आवश्यक कागजात आदि के विषय में पूछे जाने पर गिरफ्तार नागरिकों ने बताया कि पासपोर्ट है।
लेकिन, भारत का वीजा नहीं है। जानकारी नहीं थी कि नेपाल के रास्ते भारत जाने के लिए वीजा की जरूरत पड़ेगी। भारतीय आव्रजन कार्यालय आईसीपी के अधिकारियों ने इनलोगों के पास से रक्सौल से आंनद बिहार जाने वाली सत्याग्रह एक्सप्रेस ट्रेन के तीसरे क्लास एसी का टिकट और पासपोर्ट बरामद किया है। अधिकारियों ने बताया कि संदिग्ध नाइजीरियन नागरिक मुंह पर कपड़ा बांध टांगा घोड़ा गाड़ी से भारतीय सीमा में प्रवेश कर रहे थे।
अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने अलग-अलग पूछताछ की जिसमें संदेह व्यक्त किया कि दिल्ली और गोवा में काफी संख्या में नाइनीरियन नागरिक का रैकेट है। यहां बता दें कि पिछले वर्ष बॉर्डर से दो नाइजीरियन नागरिकों को आव्रजन के अधिकारियों ने गिरफ्तार किया था जिन्हें पूछताछ के बाद जेल भेज दिया था।