पूजा समारोह में पूर्व मुखिया के पुत्र को मारी गोली
मीनापुर थाना क्षेत्र के नेहालपुर गांव में देर रात विश्वकर्मा पूजा समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम के विवाद में 15 वर्षीय रजनीश कुमार को गोली मार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
मुजफ्फरपुर। मीनापुर थाना क्षेत्र के नेहालपुर गांव में देर रात विश्वकर्मा पूजा समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम के विवाद में 15 वर्षीय रजनीश कुमार को गोली मार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। वह इसी थाना क्षेत्र के मदारीपुर कर्ण पंचायत के पूर्व मुखिया मुकेश राम का पुत्र है। गंभीर स्थिति में उसे एसकेएमसीएच के निकट एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके पिता ने अज्ञात के खिलाफ मीनापुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। घटना को लेकर शराब माफिया पर पुलिस की नजर : घटना को लेकर रजनीश के परिजन कुछ नहीं बता रहे हैं। उसने प्राथमिकी में भी इसका खुलासा नहीं किया है। हालांकि पुलिस इस घटना के पीछे शराब माफिया की संलिप्तता मान रही है। घटना को दबाने के लिए शराब माफियाओं की ओर से रात से प्रयास हो रही है। पुलिस के अनुसार दबाव में आकर परिजन कुछ नहीं बोल रहे हैं। पुलिस जांच में गोली मारने में जिस युवक की संलिप्तता सामने आ रही है। शराब के धंधे में वर्चस्व को लेकर प्रतिद्वंद्वी ग्रुप से उसकी पहले भी टकराहट हो चुकी है। इस क्रम में कई बार गोलीबारी व बम विस्फोट की घटना को अंजाम दे चुका। छपरा चौक व आसपास के क्षेत्र में कोई उसके खिलाफ बोलने से डर रहा है। कई बार उसकी शराब की खेप पुलिस व उत्पाद विभाग पकड़ चुकी है, लेकिन वह अब तक फरार है। मीनापुर थानाध्यक्ष धनंजय कुमार ने बताया कि इस मामले में अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई। अब तक के अनुसंधान में गोली मारने वाले की पहचान कर ली गई है। यह घटना शराब के धंधे को लेकर उपजे विवाद को लेकर घटी। गोली मारने वाले की घेराबंदी की जा चुकी है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।