Bihar Flood News: उत्तर बिहार में बाढ़ से स्थिति विकराल, चंपारण में दो बांध टूटे, दस की मौत
Bihar Flood News उत्तर बिहार में तीन दिन से लगातार हाे रही बारिश से स्थिति भयावह हो गई है। कई जिलों में सैकडों गांव बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। वज्रपात से एक व डूबने से चार की मौत।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। उत्तर बिहार में बाढ़ के पानी में डूबने से नौ लोगों की मौत हो गई। इसमें पूर्वी चंपारण के तीन, पश्चिम चंपारण और समस्तीपुर के दो-दो, मधुबनी और शिवहर के एक-एक लोग हैं। वहीं, पूर्वी चंपारण में ठनका गिरने से एक युवक की मौत हो गई।
पश्चिम चंपारण में प्रशासन ने हाईअलर्ट जारी किया है। निचले इलाके खाली कराए जा रहे हैं। वाल्मीकिनगर एयरपोर्ट के रन-वे पर बाढ़ का पानी बह रहा है। एसएसबी बीओपी भी जलमग्न है। सिकटा प्रखंड के भेडि़हारी व बसंतपुर गांव के पास त्रिवेणी नहर का दक्षिणी तटबंध भी टूट गया। कई गांवों में पानी घुस गया है। पूर्वी चंपारण में सुगौली में बूढ़ी गंडक नदी का ङ्क्षरग बांध टूट गया है। इससे सुगौली शहरी क्षेत्र व कई गांवों में पानी फैल गया है। लालबकेया में उफान से गुआबारी तटबंध पर दबाव बढ़ गया है। अरेराज में लोगों ने चंपारण तटबंध को टूटने से बचा लिया।
वज्रपात से पूर्वी चंपारण के युवक की मौत
चिरैया थाना क्षेत्र के पनसलवा गांव में एक नवर्निमित मकान पर मंगलवार की सुबह वज्रपात से आनंद मोहन (22) की मौत हो गया। वह योगेन्द्र राम का पुत्र था। आनंद मोहन सुबह घर की छत पर स्नान कर रहा था कि अचानक वज्रपात से उसकी मौत हो गई। कुछ देर के बाद जब घर के लोग छत पर गए तो घटना को देखा।
चिरैया के लालबेगिया में डूबने से दो बच्चों की मौत
चिरैया प्रखंड क्षेत्र के लालबेगिया गांव में मंगलवार की सुबह दो बच्चों की सिकरहना नदी में डूबने से मौत हो गई। इसके बाद घर में कोहराम मच गया। वहीं पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया है। बताया जाता है कि मंगलवार की सुबह लगभग 9 बजे जोर से आंधी-बारिश आई थी। उसी बीच उपेन्द्र सहनी की बकरी खुल गई और घर के बगल में स्थित सिकरहना नदी की तरफ भागने लगी। उसे पकडऩे के लिए उसका बड़ा पुत्र विशाल कुमार (13) एवं वृजेश कुमार (12) दौड़े।
आंधी के कारण उपेन्द्र सहनी का छोटा पुत्र वृजेश कुमार सिकरहना (बूढ़ी गंडक) नदी में चला गया। छोटे भाई को पानी में जाते देख बड़ा भाई विशाल कुमार ने उसे बचाने के लिए पानी में छलांग लगा दी। लेकिन, नदी में आई बाढ़ के कारण दोनों पानी में डूब गए। ग्रामीणों ने किसी प्रकार उन दोनों को बाहर निकाला। फिर स्थानीय वार्ड सदस्य रामाकांत सहनी आदि उसे आनन-फानन में मोतिहारी के एक निजी नर्सिंग होम में ले गए जहां उसे सदर अस्पताल में ले जाने को कहा गया। सदर अस्पताल के डॉक्टरों ने देखने के बाद दोनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया।