चुनाव के मद्देनजर अर्द्धसैनिक बलों के साथ निकला फ्लैग मार्च
एके 47 व अन्य अत्याधुनिक हथियारों से लैस जवानों के साथ सभी थाना क्षेत्रों में चला अभियान। डॉग स्क्वॉड व मेटल डिटेक्टर से लैस जवानों ने की वाहन जांच।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर जिले में काफी संख्या में अद्र्धसैनिक बलों के जवान पहुंच गए हैं। एसएसपी मनोज कुमार के निर्देश पर सभी थाना क्षेत्रों में अद्र्धसैनिक बलों के साथ फ्लैग मार्च निकाला गया। सभी जवान एके 47 व अन्य अत्याधुनिक हथियार से लैस थे। चुनाव में भाग लेने के लिए महिला बटालियन भी काफी संख्या में आई है। डॉग स्क्वॉड के साथ मेटल डिटेक्टर से लैस जवानों ने भी विभिन्न जगहों पर जांच अभियान चलाया। एसएसपी फ्लैग मार्च का नेतृत्व कर रहे थे। इनके साथ सिटी एसपी व सभी डीएसपी ने भी कई जगहों पर अभियान चलाया।
गुरुवार को सदर थानेदार नवीन कुमार ने कच्ची-पक्की, शेरपुर, दीघरा, नारायणपुर समेत कई इलाकों में अद्र्धसैनिक बलों के साथ पैदल फ्लैग मार्च किया। इसी तरह नगर, मिठनपुरा, काजीमोहम्मदपुर, बेला, ब्रहमपुरा, विश्वविद्यालय व अहियापुर थानेदार ने भी अपने इलाके में अद्र्धसैनिक बलों के साथ फ्लैग मार्च किया। इस दौरान संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों पर नजर रखी जा रही थी। अत्याधुनिक हथियार से लैस जवानों ने विभिन्न जगहों पर वाहनों की भी जांच की। इस दौरान विभिन्न जगहों से दो दर्जन से अधिक बाइक जब्त की गई।
ताड़ी के ठिकाने ध्वस्त
अभियान के दौरान सिकंदरपुर कुंडल समेत कई जगहों पर ताड़ी के ठिकाने को भी ध्वस्त किया गया। पुलिस को देखते ही जमघट लगाकर ताड़ी के ठिकाने पर बैठे लोग भाग निकले।