बेरहम पिता : मधुबनी में पांच साल की बेटी को नहर में फेंका, ग्रामीणों ने बचाई जान, जानें क्यों किया ऐसा
बेरहम पिता पत्नी से विवाद होने पर दिया घटना को अंजाम आरोपित गिरफ्तार। बताया जा रहा कि रवींद्र अवसादग्रस्त रहता है।
मधुबनी, जेएनएन। जिला अंतर्गत फुलपरास थाना क्षेत्र के मेनहा गांव में रवींद्र राम नामक व्यक्ति ने पांच वर्ष की बेटी को नहर में फेंक दिया। बच्ची के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण वहां पहुंचे और उसे बचा लिया। इस समय वह सही सलामत है। वहीं पुलिस ने शनिवार को रवींद्र राम को गिरफ्तार कर लिया है।
बताया जाता है कि दिव्यांग रवींद्र का पत्नी से अक्सर किसी न किसी बात को लेकर विवाद होता रहता है।पिछले दिनों भी उसकी पत्नी के साथ विवाद हुआ। इसके बाद वह शुक्रवार देर शाम बेटी कजली कुमारी को मेला दिखाने के बहाने घर से लेकर चला गया। इसी दौरान वह कजली को नहर में फेंककर फरार हो गया। मगर, कजली के शोर मचाने पर लोग वहां पहुंच गए। उसे नहर से निकालकर पीएचसी लाया गया। साथ ही पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने आरोपित पिता को गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा कि रविंद्र अवसादग्रस्त है। वह बराबर पत्नी से विवाद करता है। उसकी कजली के अलावा एक और बेटी है।