Weather update : उत्तर बिहार में अभी 48 घंटे तक बारिश की संभावना, जानिए मौसम विभाग का पूर्वानुमान
Weather update अगले पांच दिनों तक पुरवा हवा चलने का पूर्वानुमान। सीतामढ़ी दरभंगा और मधुबनी होगी बारिश।
मुजफ्फरपुर/समस्तीपुर, जेएनएन। उत्तर बिहार में सीतामढ़ी, दरभंगा और मधुबनी जिले में बारिश हो सकती है। जबकि, पूर्वी चंपारण और मुजफ्फरपुर के पश्चिमी भाग में तेज हवा के साथ बूंदाबांदी की संभावना है। अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहेगा। यह अगले 48 घंटे का पूर्वानुमान है।
डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विवि के मौसम वैज्ञानिक डॉ. ए. सत्तार के अनुसार, अगले पांच दिनों तक पुरवा हवा चलेगी। इस दौरान न्यूनतम तापमान 37 से 39 डिग्री सेल्सियस एवं न्यूनतम तापमान 20 से 22 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। सुबह में साक्षेप आर्द्रता 10-15 फीसद और शाम में 55-60 फीसद रहने की अनुमान है। हवा की गति 8-15 किमी प्रति घंटे होगी।
किसानों के लिए सलाह
रबी फसलों की कटाई और खरीफ की तैयारी में जरूरी बातों का ख्याल रखने को कहा गया है। खेतों में शारीरिक दूरी बनाए रखें। हमेशा मास्क लगाएं। गेहूं की कटाई ज्यादा से ज्यादा कृषि यंत्रों से करें। जैसे- हार्वेस्टर या कंबाइन से करें तथा भूसा स्ट्रॉ-रीपर द्वारा बनाना सुनिश्चित करें। गेहूं की कटाई के पश्चात रोटावेटर से खेत की जोताई करें, लेकिन आग न लगाएं।
कटाई और दौनी में सतर्कता बरतें
तराई के जिलों में किसान हल्की वर्षा को देखते हुए कटाई और दौनी में सतर्कता बरतें। कटी फसल को सुरक्षित स्थानों पर संग्रहीत कर लें। ग्रीष्मकालीन सब्जियों में उचित नमी बनाए रखने के लिए समय-समय पर सिंचाई करते रहें। बोए गए गन्ने के खेत में उचित नमी बनाए रखने के लिए 15 से 20 दिन के अंतराल पर आवश्यकतानुसार सिंचाई करते रहें। पशुओं को गलाघोटू, लंगड़ा बुखार की बीमारी से बचाव के लिए टीका अवश्य लगवा लें।