समस्तीपुर के शाहपुर पटोरी में भूमि विवाद को लेकर फायरिंग, वृद्धा की गोली लगने से मौत
पटोरी के हेतनपुर गांव की है घटना। वहीं आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
समस्तीपुर, जेएनएन। जिले के पटोरी थाना क्षेत्र के हेतनपुर गांव में गुरुवार को भूमि विवाद को लेकर गोलीबारी हुई। इसमें एक वृद्ध महिला की मौत हाे गई। पुलिस घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेने के बाद जांच शुरू कर दी है। घटना का कारण भूमि विवाद बताया गया है।
जानकारी के अनुसार पटोरी थाना क्षेत्र के हेतनपुर गांव में भूमि विवाद को लेकर दो गुटों में गोलीबारी हुई। इसमें राजद पंचायत अध्यक्ष वीरेन्द्र राय की 70 वर्षीया मां रजिया देवी की मौत गोली लगने से हो गई। इस घटना के कारण आसपास में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस घटना स्थल पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम में भेजने का प्रयास करने में जुट गई है।
इधर, इस घटना को लेकर गांव में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। एएसपी विजय कुमार, थानाध्यक्ष मुकेश कुमार समेत काफी संख्या में पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच करने में जुट गए हैं। वहीं तनाव को कम करने की कोशिश कर रहे हैं।