Scorpio पर फायरिंग, जान बचाकर भाग रहे चालक की दूसरे वाहन की चपेट में आने से मौत, जानिए पूरी घटना
चालक की घटनास्थल पर ही मौत भय के साये में थाना पहुंचे दो अन्य सवार। नेपाल से मुजफ्फरपुर व्यवसाय के सिलसिले में जा रहे थे सभी।
मधुबनी, जेएनएन। बेखौफ अपराधियों ने झंझारपुर थाना के कमला बलान एनएच-57 के नजदीक एक स्कॉर्पियो पर फायरिंग की। गोली चालक की सीट के सामने शीशे को भेदते हुए अंदर आई। जान बचाने के लिए चालक वाहन छोड़ भागने लगा। मगर, इसी दौरान वह दूसरे वाहन की चपेट में आ गया। जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान बेरियारी नेपाल निवासी डंबर यादव के रूप में हुई है।
नेपाल से कारोबारी थे सवार
बताया जा रहा कि नेपाल से दो कारोबारी अनिल यादव और जितेंद्र यादव स्कॉर्पियो से मुजफ्फरपुर जा रहे थे। दोनों नेपाल के सप्तरी के निवासी हैं। उनकी गाड़ी जैसे ही एनएच-57 पर कमला बलान के पास पहुंची, पीछे से एक चार पहिया वाहन ने उसे ओवरटेक किया। साथ ही सामने से फायरिंग कर दी। गोलीबारी क्यों की गई, इसकी जानकारी नहीं मिल सकी है। मगर, यह माना जा रहा कि रोड रेज में फायरिंग की गई होगी, क्योंकि गोली चलाने के बाद अज्ञात वाहन दरभंगा की ओर चलाा गया।
चालक भयभीत हो गया
स्कॉर्पियो पर गोली लगने से चालक भयभीत हो गया। गोली उसके बगल से गुजरी थी। वह इतना घबरा गया कि वाहन से कूदकर भागने लगा। इस बीच दूसरे वाहन की चपेट में आ गया। जिससे उसकी मौत हो गई। अनिल व जितेंद्र ने थाना पहुंचकर घटना की जानकारी दी। पुलिस ने स्कॉर्पियो को कब्जे में ले लिया है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।