मुजफ्फरपुर में कार सवार प्रॉपर्टी डीलर पर फायरिंग, बाल-बाल बचे, विरोध में सड़क जाम
प्रॉपर्टी डीलर बाजार समिति के निकट आवास के पास पहुंचने वाले ही थे कि उनके कार पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी गई।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। मुजफ्फरपुर में कार सवार प्रॉपर्टी डीलर पर फायरिंग की गई। हालांकि इस दौरान उनकी जान गाड़ी के साथ भागने के कारण बच गई। इस घटना को गुरुवार की बीती रात करीब 11 बजे अहियापुर में बाजार समिति के निकट अंजाम दिया गया। जानकारी के अनुसार, रात जब प्रॉपर्टी डीलर उपेंद्र चौधरी बाजार समिति के निकट आवास के पास पहुंचने वाले ही थे कि उनके कार पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी गई। इसके बाद वे गाड़ी लेकर पुराने थाना भवन की ओर भाग निकले। कार पर चार गोली लगी है।
यह गोली कार के आगे बाएं तरफ शीशा पर दूसरी गोली बाएं तरफ गेट के शीशा पर एवं दो गोली बाएं तरफ पीछे बॉडी पर लगी है।इसके बाद आसपास के लोग घटना की जानकारी दी गई। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस एवं वरीय अधिकारी को दी। इसके बावजूद शुक्रवार की सुबह आठ बजे तक किसी भी पुलिस पदाधिकारी के नहीं पहुंचने से लोगों में आक्रोश व्याप्त हो गया। स्थानीय लोगों ने कई तरह के आरोप पुलिस प्रशासन पर लगाते हुए मुजफ्फरपुर दरभंगा एनएच 57 को जाम कर दिया। इस बीच घटना के शिकार उपेंद्र चौधरी सहित कुछ स्थानीय लोगों ने समझाकर जाम समाप्त कराया।
घटनास्थल से लोगों ने एक खोखा भी बरामद किया है। इसके बाद दर्जनों की संख्या में लोग थाना पहुंच अपना आक्रोश जताया। लोगों का कहना था कि क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे अपराध के बावजूद प्रशासन अपराधियों को पकड़ने में विफल साबित हो रही है।घटना के संबंध में आयापुर निवासी प्रॉपर्टी डीलर ने बताया कि गुरुवार की रात एक उत्सव समारोह से स्वयं कार चलाते हुए घर लौट रहे थे। कार पर अहियापुर के विनोद राय शिक्षक एवं इनका पांच वर्षीय पोता अक्षय कुमार सवार था ।
विनोद राय गायघाट मुन्नी कल्याणपुर में उत्क्रमित मध्य विद्यालय में शिक्षक हैं। जैसे ही उपेंद्र चौधरी अपने बाजार समिति सामने स्थित आवास के निकट पहुंचे जहां पहले से एक कार का चारों दरवाजा खोलकर चार युवक सड़क पर खड़ा था। जबतक वे कुछ समझते कि उन बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोलीबारी के साथ ही सीधे भाग निकलने से जान बची। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि उजले रंग का कार कुछ देर पहले ही रूका था जिसका चारों गेट खोलकर चार युवक उतरे थे।
गाड़ी स्टार्ट थी। गोलीबारी करने के बाद उपेंद्र चौधरी के भाग निकलने के पश्चात गाली गलौज करते हुए जीरो माइल की तरफ सभी अपराधी भाग निकले। इस घटना की सूचना के बाद क्षेत्र के विभिन्न दलों के राजनेता व स्थानीय जनप्रतिनिधि की भीड़ उनके घर पर लग गई। पुलिस प्रशासन के कार्यशैली पर व्यवसायी संघ ने सवाल उठाया है।