गाड़ी देने के विवाद में BJP नेता को मारी गोली, स्थिति चिंताजनक West champaran News
दो युवकों ने दिया घटना को अंजाम। सीने के दाहिने भाग में लगी गोली। जांच में जुटी पुलिस। घटनास्थल से खोखा बरामद। अजीत पूर्व में भाजपा के पंचायत अध्यक्ष भी थे।
पश्चिम चंपारण, जेएनएन। जिले के मनुआपुल ओपी क्षेत्र के भरवाटोला गांव में शुक्रवार की रात बदमाशों ने भाजपा नेता अजीत कुमार कुशवाहा (32) को गोली मार दी। गोली अजीत के दाहिने सीने को छेद पार कर गई है। आसपास के लोगों ने उसे इलाज के लिए गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज बेतिया में भर्ती कराया, जहां उसकी स्थिति नाजुक देख चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया है। उनका इलाज मोतिहारी में हो रहा है। घटना का कारण किसी काम के लिए चार पहिया मांगने पर देने से इंकार करना बताया जा रहा है। घटना की सूचना पर मनुआपुल पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
थानाध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि घटनास्थल से खोखा बरामद किया गया है। अजीत पूर्व में भाजपा के पंचायत अध्यक्ष भी थे। वे अपने गांव में ही किराना दुकान का व्यवसाय भी करते हैं। कुछ ग्रामीणों का कहना है कि वे नल जल योजना के तहत ठेकेदारी का भी काम करते हैं। अजीत की पत्नी किरण देवी ने बताया कि उसके पति रोज की तरह घर में सोए थे। शुक्रवार की रात्रि करीब एक बजे कुछ लोग आकर उनके घर का दरवाजा जोर-जोर से खटखटाने लगे। जब उसके पति घर से बाहर निकले तो गांव के ही बृजेश साह और मनीष मिश्र वहां खड़े थे। दोनों एक चारपहिया वाहन से आए थे।
इन लोगों ने उसके पति से स्कॉर्पियो गाड़ी मांगी थी। गाड़ी देने से इनकार करने पर दोनों अजीत को खींचकर कुछ दूरी पर ले गए। अजीत की पत्नी ने उसी दोनों पर गोली मारने का आरोप लगाया है। घटना के बाद ग्रामीणों की भीड़ एकत्रित होने पर दोनों फरार हो गए। थानाध्यक्ष ने बताया कि फिलहाल मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। मामले में कार्रवाई की जा रही है। इधर ग्रामीणों को गाड़ी देने से इंकार करने पर गोली मारने की बात स्थानीय लोगों को हजम नहीं हो रही है।
लोग तरह-तरह की चर्चा कर रहे हैं। पुलिस हर एक पहलू पर नजर रखे हुए हैं। इस बावत बेतिया सदर डीएसपी पंकज कुमार रावत ने बताया कि मामले में अभी सब कुछ साफ नहीं हो सका है। अजीत और गोली मारने के आरोपित आपस में मित्र हैं। अभी लोग खुलकर साफ-साफ कुछ नहीं बता रहे हैं। एक-दो दिन में सब कुछ साफ साफ हो जाएगा। शीघ्र ही आरोपित पकड़े जाएंगे।