Bihar Lok Sabha Election: शिवहर में पीठासीन पदाधिकारी को होमगार्ड जवान ने मारी गोली, मौत
Bihar Lok Sabha Election Phase 6 बिहार के शिवहर में एक बूथ पर होमगार्ड जवान की राइफल से चली गाेली पीठासीन पदाधिकारी को जा लगी। घटना की पूरी जानकारी के लिए पढ़ें यह खबर।
शिवहर [जेएनएन]। लोकसभा चुनाव के मतदान के दौरान बिहार में रविवार को एक पीठासीन पदाधिकारी की मौत हो गई। उसे एक होमगार्ड जवान ने गोली मार दी थी। बुरी तरह घायल पीठासीन पदाधिकारी ने इलाज के लिए मुजफ्फरपुर के श्रीकृष्ण सिंह मेडिकल कॉलेज अस्पताल में दम तोड़ दिया। मृतक शिवेंद्र सीतामढ़ी जिले के बाजपट्टी स्थित वाजितपुर के निवासी थे।
मिली जानकारी के अनुसार रविवार की सुबह शिवहर लोकसभा क्षेत्र के डुमरी कटसरी प्रखंड स्थित माधवपुर सुंदर गांव के बूथ संख्या 275 पर तैनात एक होमगार्ड जवान की लापरवाही से उनकी राइफल से गोली चल गई। गोली होमगार्ड जवान के मैगजीन में कारतूस लोड करते वक्त चल गई। गोली सीधे बूथ पर बैठे पीठासीन पदाधिकारी शिवेंद्र किशोर (37) को जा लगी। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन बचाया नहीं जा सका।
घटना के बाद बूथ पर अफरातफरी मच गई। इस दौरान लोगों की भीड़ वहां पर जमा हो गई। घटना की सूचना पर कई प्रशासनिक अधिकारी वहां पहुंचे और स्थिति की जानकारी ली।
इस बीच होमगार्ड जवान को हिरासत में लेकर उसकी राइफल जब्त कर ली गई। उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस इसे प्रथमदृष्टया लापरवाही से हुई दुर्घटना मान रही है।
शिक्षक की मौत से उसके घर में कोहराम मच गया है। परिवार के सदस्यों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप