कपड़ा दुकान के पास अपराधियों ने की फायरिंग, कोई हताहत नहीं, दहशत का माहौल
घटना जिले के सकरा थाना क्षेत्र के सुजावलपुर में हुई है खोखा बरामद फायरिंग के बाद उस इलाके में अफरातफरी मच गई पुलिस ने शुरू की मामले की जांच।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। कपड़ा दुकान के पास अपराधियों ने फायरिंग कर दहशत फैला दी। इस दौरान किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। यह घटना शुक्रवार को जिले के सकरा थाना क्षेत्र के सुजावलपुर में हुई है। फायरिंग के बाद उस इलाके में अफरातफरी मच गई। संभावना जताई जा रही है कि अपराधियों ने रंगदारी को लेकर कपड़ा दुकान के पास फायरिंग की घटना को अंजाम दिया है। फायरिंग करने के बाद बाइक सवार अपराधी सुरक्षित भाग निकलने में सफल रहे।
स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी जहां पुलिस अविलंब उक्त स्थल पहुंची और मामले की जांच शुरू की। फायरिंग के बावत लोगों से जानकारी ली। मौके पर से पुलिस ने खोखा बरामद किया है। पुलिस इस बात की जांच में जुट गई है कि किन कारणों से कपड़ा दुकान के पास फायरिंग की गई। पुलिस ने फायरिंग करने वाले बदमाशों की संख्या के बारे में भी जानकारी ली। पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है।
थानाध्यक्ष के अनुसार गोली चलाने के कारणों का पर्दाफाश जल्द ही कर लिया जाएगा। साथ ही इसमें संलिप्त बदमाशों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद थाना क्षेत्र में पुलिस ने जांच अभियान तेज कर दिया है। थाना इलाके के सभी महत्वपूर्ण जगहों पर वाहन जांच चलाया जा रहा है। संदिग्ध लोगों पर पुलिस पैनी नजर रख रही है। थानाध्यक्ष के अनुसार फायरिंग करने वालों की पहचान में पुलिस जुटी हुई है। जल्द ही उनकी पहचान कर ली जाएगी। फिलहाल पुलिस को इस मामले में कोई ठोस जानकारी हासिल नहीं हो सकी है।