लॉज में बहन बताकर ले गए थे छात्रा को, तीन लड़कों ने किया सामूहिक दुष्कर्म
अहियापुर स्थित एक लॉज में किया गया दुष्कर्म, दो अन्य की तलाश जारी, फरार आरोपितों का शिवहर में ठिकाना होने की जानकारी पुलिस को मिली है।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। बहन बताकर लॉज में छात्रा को ले गए थे। इसके बाद उसे बेहोश कर तीन लड़कों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। यह मामला अहियापुर थाना क्षेत्र में स्थित एक लॉज का है। छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म मामले में एक आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। वहीं दो की तलाश में कई जगहों पर छापेमारी चल रही है। इधर, छात्रा के बयान पर अहियापुर थाने में तीनों आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की कवायद की जा रही है। फरार आरोपितों का शिवहर में ठिकाना होने की जानकारी पुलिस को मिली है।
इसी आधार पर वरीय अधिकारियों को अवगत कराया गया है। इसके बाद पुलिस टीम शिवहर जाने की कवायद में जुट गई है। आरोपितों के मोबाइल नंबर से भी लोकेशन का पता किया जा रहा है। बता दें कि अहियापुर थाना क्षेत्र के शेखपुर गांव स्थित एक लॉज में छात्रा को बेहोश कर उसके साथ तीन लड़कों ने सामूहिक दुष्कर्म किया था। पीडि़ता पश्चिम चंपारण की रहने वाली है। वह अहियापुर में किराए के मकान में रहकर पढ़ाई करती है।
बुधवार को एक आरोपित उसे बहन बताकर अपने साथ उक्त लॉज में ले गया था। लॉज में पूर्व से दो लड़के और मौजूद थे। छात्रा को बेहोशी की दवा खिलाकर उसके साथ तीनों ने दुष्कर्म किया। होश आने पर छात्रा ने ही मोबाइल से कॉल कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पुलिस पहुंचकर उसे वहां से निकालने के बाद आरोपितों के बारे में पूछा जहां छात्रा की निशानदेही पर एक आरोपित को दबोचा गया। वहीं अन्य दोनों मौके से फरार हो गए।