पश्चिम बंगाल से युवक 4 लाख के जाली नोट लेकर आया था बिहार, पर नहीं चली चालाकी
भारतीय जाली नोट की बड़ी खेप तस्करी की नीयत से शहर में लाने की सूचना पर पुलिस ने की छापेमारी, सभी नोट दो दो हजार के है।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। बेतिया पुलिस को चार लाख के भारतीय जाली नोट बरामद करने में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने जाली नोट के साथ एक तस्कर को भी गिरफ्तार किया है। सभी नोट दो-दो हजार के हैं। एसपी जयंतकांत ने बताया कि मामले में जुलकर शेख को पकड़ा गया है। वह पश्चिम बंगाल का रहने वाला है। जानकारी के अनुसार शनिवार को एसपी को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ तस्कर भारतीय जाली नोट की बड़ी खेप तस्करी की नीयत से शहर में लाने वाले हैं।
सूचना पर एसपी ने सदर एसडीपीओ पंकज कुमार रावत, नगर थानाध्यक्ष नित्यानंद चौहान की एक टीम गठित की। टीम ने शहर के कोतवाली चौक पर छापेमारी की। इस दौरान जुलकर पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पुलिस ने उसकी तलाशी ली जहां उसके पास से दो-दो हजार के 200 भारतीय जाली नोट बरामद किए गए। नोटबंदी के बाद शहर में पकड़ा गया जाली नोट का एक बड़ा मामला है।
तस्कर की गिरफ्तारी से जाली नोट धंधेबाजों में हड़कंप का माहौल है। एसपी ने बताया कि छापेमारी टीम में शामिल सभी सदस्यों को पुरस्कृत किया जाएगा। पुलिस गिरफ्तार तस्कर से पूछताछ कर रही है। पुलिस को उम्मीद है कि जाली नोट के धंधे से जुड़े अन्य लोगों का नाम सामने आ सकता है।