जिला भाजपा के हर कार्यकर्ता को मिलेगा सम्मान, मांगा साथ
जिला भाजपा के नवनिर्वाचित अध्यक्ष रंजन कुमार ने कहा है कि जिले में भाजपा के हर एक कार्यकर्ता को सम्मान मिलेगा। बस उनका साथ और विश्वास चाहिए।
मुजफ्फरपुर। जिला भाजपा के नवनिर्वाचित अध्यक्ष रंजन कुमार ने कहा है कि जिले में भाजपा के हर एक कार्यकर्ता को सम्मान मिलेगा। बस उनका साथ और विश्वास चाहिए। पूरी उर्जा के साथ जिले में पार्टी को सबल बनाया जाएगा। सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाया जाएगा। जिले में पार्टी परिवार के रूप में मिलकर काम करेगी। उन्होंने उक्त बातें मंगलवार को क्लब रोड स्थित एक सभागार में मंडल अध्यक्षों के साथ आयोजित परिचय संवाद कार्यक्रम के दौरान कहीं।
कार्यक्रम के दौरान मंडल अध्यक्षों ने जिलाध्यक्ष का स्वागत किया। वहीं जिलाध्यक्ष ने भी संवाद कार्यक्रम में शामिल 34 मंडल अध्यक्षों को सम्मानित किया।
पार्टी के कार्यक्रमों को सफल बनाने का संकल्प : संवाद कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष ने मंडल अध्यक्षों के साथ पार्टी के आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा की और उन्हें सफल बनाने का संकल्प लिया। बैठक में 28 को तिरंगा यात्रा निकलाने एवं नवनियुक्त अध्यक्ष के पदभार ग्रहण समारोह आयोजित करने का निर्णय हुआ। 29 को नागरिकता संशोधन कानून के समर्थन में आयोजित संवाद कार्यक्रम को सफल बनाने पर भी विमर्श किया गया। जिलाध्यक्ष ने कहा कि 26 को गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय के मुजफ्फरपुर आने पर भव्य स्वागत किया जाएगा। बैठक में जिला उपाध्यक्ष राजेश रौशन, चंदा देवी, कार्यालय मंत्री मनोज नेताजी, आनंद राठौर आदि मौजूद थे।
वरिष्ठ नेताओं के घर जाकर लिया आशीर्वाद : नवनियुक्त जिला अध्यक्ष रंजन कुमार ने मंगलवार को पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के घर जाकर आशीर्वाद लिया और उनसे मार्गदर्शन मांगा। इस क्रम में वे अयोध्या प्रसाद, विष्णुकात झा, रघुनाथ, पुरुषोत्तम पोद्दार आदि के घर जाकर मिले। इस दौरान उनके साथ भोला चौधरी भी थे। वहीं, भाजपा के पुराने किसान नेता गोपाल शाही ने रंजन कुमार से मिलकर उन्हें बधाई दी।