मनचलों ने छेड़खानी से मना करने पर मां को पीटा, बोले- तू बीच में मत आ, लड़की ने स्कूल जाना छोड़ा
बिहार के मुजफ्फरपुर में मनचलों की करतूत के कारण एक लड़की ने स्कूल जाना छोड़ दिया है। उन्होंने कहा है कि कुछ भी हो जाए वे छेड़खानी करते रहेंगे। क्या है मामला जानिए।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। मनचले लड़की से छेड़खानी (Eve Teasing) करते थे। बात जब सिर के ऊपर से गुजरने लगी तो मां ने मना किया। इसपर बौखलाए मनचलों ने लड़की की मां को पीट दिया तथा इस मामले में 'टांग अड़ाने' पर हत्या की धमकी (Threat to kill) दे डाली। घटना के बाद परिवार दहशत (Fear) में है तो लड़की ने स्कूल जाना छोड़ दिया है। घटना बिहार के मुजफ्फरपुर स्थित गायघाट थाना क्षेत्र के एक गांव की है।
लड़की से मनचले करते छेड़खानी
मुजफ्फरपुर स्थित गायघाट थाना क्षेत्र के एक गांव में 10वीं (10th) में पढ़ने वाली एक नाबालिग लड़की (Minor Girl) से छेडख़ानी का मामला प्रकाश में आया है। लड़की पीडि़ता ने बताया कि मनचले उसे घर से बाहर निकलने पर पर छेड़ते रहे हैं।
मां ने टोका तो की पिटाई, दी धमकी
बीते दिन जब वह शौच करने जा रही थी, तब राजीव कुमार नामक युवक ने फिर छेड़खानी की। उसने घटना की जानकारी घरवालों को दी। जब मां ने मना किया तो मनचलों ने मां की जमकर पिटाई कर दी तथा बीच में आने पर हत्या की धमकी देते हुए कहा कि वे छेड़खानी करते रहेंगे और अगर कोई रोकटोक हुई तो मां की हत्या कर देंगे।
दहशत में परिवार, लड़की ने स्कूल जाना छोड़ा
घटना के बाद स्वजनों ने लड़की के बाहर निकलने पर रोक लगा दी है। इससे उसकी पढ़ाई छूट गई है। वह स्कूल या काेचिंग भी नहीं जा पा रही है। पूरा परिवार दहशत में है।
पिता ने पुलिस से की शिकायत
लड़की के पिता ने राजीव कुमार, मोहन पासवान, संजीव पासवान तथा लक्ष्मण पासवान के खिलाफ गायघाट थाने में एफआइआर के लिए लिखित शिकायत की है। इस बाबत थानाध्यक्ष ने बताया कि छेड़खानी की लिखित शिकायत मिली है। अब मामले की छानबीन कर एफआइआर (FIR) दर्ज की जाएगी। लेकिन सवाल यह है कि इस बड़े मामले में पुलिस ने अभी तक एफआइआर दर्ज किया या नहीं और अगर नहीं किया तो क्यों?