नरकटियागंज में विकास सेतु पर अंधेरे का साम्राज्य, बढ़ी दुर्घटना व अपराध की आशंका
शाम होते ही पुल पर छा जाता अंधेरा काम नहीं आ रही सोलर आधारित व्यवस्था। करीब डेढ़ सौ करोड़ की आरओबी पर अंधेरा से लोग चिंतित। रेल प्रशासन का कहना है कि पुल पर रोशनी के लिए नगर परिषद की जिम्मेवारी है।
पश्चिम चंपारण, जासं। चिरप्रतिक्षित आरओबी के निर्माण के बाद उसके लिए कई महत्वपूर्ण सुविधाओं के प्रति व्यवस्था की नजर नहीं है। पुल पर रोशनी के लिए अब तक विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था सुनिश्चित नहीं हुई। चुकी सोलर आधारित विद्युत व्यवस्था शाम होते ही टिमटिमाने लगती है और घंटे दो घंटे गुजरने के बाद पूरी तरह ठप होने से पुल पर अंधेरा छा जाता है। इतना ही नहीं पुल के तिराहे पर गोलंबर का निर्माण नहीं हुआ। इस वजह वहां अब आपस में वाहनों की भिड़ंत भी होने लगी है और घायलों को अस्पताल जाने का सिलसिला शुरू हो गया है । फिर भी अब तक यह तय नहीं कर सका कि यहां नियमित विद्युत आपूर्ति करने की जिम्मेवारी किसकी है? जबकि गत वर्ष से पुल के लिए रोशनी की सुनिश्चितता की जरूरत लोग महसूस कर रहे हैं। और लोग संशय के साथ अंधेरे में उस पुल से आने जानेे को विवश हैं। जानकारों का कहना है कि पुल निर्माण के बाद एक साल तक रोशनी की व्यवस्था निर्माण कंपनी को करनी थी। उसके बाद यह व्यवस्था उपेक्षित पड़ गई। जबकि रेल प्रशासन का कहना है कि पुल पर रोशनी के लिए नगर परिषद की जिम्मेवारी है।
आए दिन वाहनों में होती टक्कर
आरओबी से दिन रात वाहनों का आवागमन लगा रहता है। मगर उसके तिराहे पर गोलंबर का निर्माण नहीं हुआ। वहां कई वाहनों में भिड़ंत हो चुकी है। संयोग यह रहा है कि कोई बड़ी घटना अब तक नहीं घटी । इस मामले में तत्कालीन सांसद स्व बैधनाथ प्रसाद महतो रेल के वरीय पदाधिकारियों को पत्र लिखकर गोलंबर के निर्माण की जरूरत बता भी चुके हैं। सबसे चिंतनीय स्थिति रात्रि दस बजे के बाद आरओबी से गुजरने वालों के लिए होती है। जब पुल पर अंधेरा छाया रहता है।
अंधेरे में होती अपराधिक घटना की चिंता
रात में आपराधिक घटना की भी आशंका बनी रहती है। आरओबी पर लोग सुरक्षा पूर्वक आवागमन करें। इसके लिए पूरी रात रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित रखने की मांग लोगों द्वारा की जाती रही है। बता दें कि यह आरओबी दो भाग में बंटे शहर को जोड़ता है। बेतिया, चनपटिया, साठी, लौरिया के लोगों का शहर में आना जाना होता है। पुल पर अंधेरा होने की वजह रात में लोग सहमें होते हैं। नरकटियागंज नगर परिषद की कार्यपालक पदाधिकारी रीता कुमारी ने कहा कि आरओबी पर अंधेरा नहीं रहे। वहां पूरी रात रोशनी की व्यवस्था रहे। इस संबंध में सभापति के साथ बातचीत कर सकारात्मक पहल किया जाएगा।