'इस इलाके में फिर दिख मत जाना', बिजली चोरी पकड़ने गई टीम को बनाया बंधक, दी धमकी
मुजफ्फरपुर के तुर्की थाना क्षेत्र में बिजली चोरी रोकने गई विद्युत विभाग की टीम पर हमला कर उन्हें दो घंटे ...और पढ़ें

यह तस्वीर जागरण आर्काइव से ली गई है।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सहयोगी, कुढ़नी (मुजफ्फरपुर)। Muzaffarpur Crime: जिले के तुर्की थाना क्षेत्र में बिजली चोरी के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान के दौरान विद्युत विभाग की टीम पर हमला कर कर्मचारियों को बंधक बनाने का गंभीर मामला सामने आया है।
आरोप है कि छापेमारी करने पहुंची टीम को करीब दो घंटे तक बंधक बनाकर मारपीट और जान से मारने की धमकी दी गई। इस संबंध में दामोदरपुर विद्युत आपूर्ति प्रशाखा की ओर से तुर्की थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
कनीय विद्युत अभियंता पूजा भारती के नेतृत्व में टीम गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी करने पहुंची थी। उनके साथ तकनीकी कर्मी और मानव बल के कर्मचारी भी मौजूद थे।
मीटर को बाइपास कर चोरी
जांच के दौरान टीम बाजीतपुर कोदरिया वार्ड-एक निवासी गरीबनाथ साह के घर पहुंची, जहां मीटर को बायपास कर काले तार के जरिए अवैध रूप से बिजली उपयोग किए जाने का मामला सामने आया। विभाग के अनुसार उपभोक्ता पर पहले से 8097 रुपये बकाया भी था।
जब टीम ने इस अनियमितता की जानकारी दी तो आरोपित गरीबनाथ साह और उनके पुत्र अंकित कुमार उग्र हो गए। दोनों ने लाइनमैन के साथ मारपीट की और गाली-गलौज करते हुए टीम के दो कर्मियों समेत अन्य लोगों को बंधक बना लिया। इस दौरान टीम को दोबारा इलाके में नहीं आने की धमकी भी दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलने पर तुर्की थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बंधक बनाए गए कर्मचारियों को मुक्त कराया। विद्युत विभाग ने पूरी घटना की वीडियोग्राफी कर साक्ष्य के रूप में सुरक्षित रखा है।
विभागीय आकलन के अनुसार, उपभोक्ता द्वारा 1457 यूनिट बिजली की अवैध खपत की गई, जिससे 24,525 रुपये का नुकसान हुआ। पूर्व बकाया 8097 रुपये जोड़कर कुल 32,622 रुपये की क्षति आंकी गई है।
इस मामले में तुर्की थाना में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 135 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
