Indian Railway News: मालगाड़ी की रफ्तार में पूर्व मध्य रेलवे ने लगाई लंबी छलांग, मिला प्रथम स्थान
भारतीय रेलवे में पूमरे ने प्राप्त किया प्रथम स्थान। 24 के बदले 14 घंटे में पहुंचने लगी मालगाड़ी। 429 किलोमीटर विद्युतीकरण कार्य पूरा। कई रेलमार्ग पर गति सीमा में की गई वृद्धि।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। पिछले कुछ वर्षों में रेल अवसंरचना में किए गए सुधारों का फायदा दिखने लगा है। दो दिन पहले मालगाडिय़ों की गति में भारतीय रेल में पूर्व मध्य रेल प्रथम स्थान पर रहा। पूर्व मध्य रेल द्वारा 54 किलोमीटर प्रतिघंटा से अधिक की गति से मालगाडिय़ों का परिचालन किया गया। ये किसी भी क्षेत्रीय रेलवे की तुलना में सर्वाधिक है। परिचालन दक्षता में वृद्धि से मेल व एक्सप्रेस की तरह मालगाडिय़ों का भी परिचालन तीव्र गति से किया गया।
इन प्रयासों के परिणामस्वरूप पूर्व मध्य रेल मुकाम को प्राप्त करने में सफल रहा है। माल परिवहन के दृष्टिकोण से यह उपलब्धि काफी महत्व रखती है। अब माल परिवहन में लगने वाला समय लगभग आधा हो गया है। इससे व्यापारी वर्ग को भी लाभ मिल रहा है। मालगाड़ी की गति बढऩे से कोयला, खाद्यान्न, सीमेंट, पेट्रोलियम उत्पाद आदि सामान पहले जहां 24 घंटे में पहुंचते थे वही अब 14 घंटे में पहुंचने लगे हैं।
वर्ष 2019-20 में ट्रैकों के नवीनीकरण, दोहरीकरण, विद्युतीकरण जैसी आधारभूत संरचना के विकास से संबंधित कार्य पूरा किया गया। 12 रेलखंडों में गति सीमा में वृद्धि की गई है। इस दौरान 429 किलोमीटर विद्युतीकरण कार्य पूरा किया गया। इसमें नई लाइन, दोहरीकरण व आमान परिवर्तन से जुड़ा 252 किलोमीटर का कार्य शामिल है। पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार ने कहा कि आधारभूत संरचना से जुड़े ये कार्य पूरे कर लिए जाने का ही परिणाम है। इससे मेल व एक्सप्रेस के साथ-साथ मालगाडिय़ों की गति सीमा डेढ़ से दोगुनी तक वृद्धि की जा सकी है।