वीटीआर में ड्यूटी के दौरान शहीद जवानों के परिजनों को मिलेगी नौकरी
होमगार्ड के समादेष्टा व एसपी ने लिया घटनास्थल का जायजा। शहीद जवानों के परिजनों से मिले अधिकारी, दी सांत्वना।
पश्चिम चंपारण, जेएनएन। वाल्मीकि टाईगर रिजर्व के हरनाटांड वन क्षेत्र में ड्यूटी के दौरान शहीद होमगार्ड के परिजनों को सरकारी नौकरी मिलेगी। साथ ही सरकार की ओर मिलने वाली सभी सुविधाएं भी उसके आश्रितों को दी जाएंगी। होमगार्ड के समादेष्टा चंदन कुशवाहा ने सोमवार को यह जानकारी दी। पटना से बगहा पहुंचे श्री कुशवाहा ने बगहा एसपी अरविंद कुमार गुप्ता से संपूर्ण घटनाक्रम की जानकारी ली।
इसके बाद वे एसपी के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थानीय स्तर पर जांच पड़ताल की। उन्होंने कहा कि जवानों की हत्या काफी दुखद घटना है। प्रशासनिक महकमा मृत जवानों के परिजनों के साथ खड़ा है। श्री कुशवाहा ने शिकारियों के हमले में जख्मी जवान से पूछताछ की और शहीदों के घर जाकर परिजनों को ढांढस बंधाया।
यहां बता दें कि रविवार की रात हरनाटाड़ वन क्षेत्र के जंगल में तैनात होमगार्ड के जवान हीरालाल कुशवाहा ग्राम मलपुरवा व अर्जुन यादव ग्राम जुड़ा पकड़ी शिकारियों के हमले में शहीद हो गए थे। जबकि अन्य जवानों ने भागकर अपनी जान बचाई थी। एसपी श्री गुप्ता ने कहा कि पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलेगी।