वाहन मालिक बेहाल, दलाल मालामाल
जिला परिवहन कार्यालय में दलालों की सक्रियता फिर बढ़ने लगी है।
मुजफ्फरपुर। जिला परिवहन कार्यालय में दलालों की सक्रियता फिर बढ़ने लगी है। जिस काम के लिए सामान्य वाहन मालिकों को महीनों कार्यालय का चक्कर लगाना एवं इंतजार करना पड़ता है, वही काम दलाल जल्द करा देने का झांसा देकर मुंहमांगी रकम वसूल रहे हैं। कार्यालय में करीब एक दर्जन से अधिक दलाल सक्रिय हैं। इनकी पहुंच कार्यालय के फाइलों तक हैं। कार्यालय में ये इतने घुलमिल चुके हैं कि कुछ लोग दलालों को ही कर्मी मान लेते है।
दलालों के झांसे से बचें,
समय पर होगा हर काम
- परिवहन विभाग की अधिकतर सेवाएं आरटीपीएस के तहत है। सभी के लिए समय निर्धारित है। निर्धारित समय पर काम नहीं हो तो अपील की जा सकती है। दलालों के चंगुल में नहीं आएं। समय का इंतजार करें व कानूनी तरीके से काम कराएं।
ड्राइविंग लाइसेंस
का यह है शुल्क
- लर्निग ड्राइविंग लाइसेंस में दो पहिया के लिए 70 रुपये एवं दो पहिया व चार पहिया वाहन के लिए 140 रुपये तय है। इसमें फार्म नम्बर एक एवं दो को भर कर तीन फोटो, उम्र से संबंधित प्रमाणपत्र एवं आवास से संबंधित प्रमाणपत्र देना होगा।
- परमानेंट ड्राइविंग लाइसेंस में दो पहिया के लिए 340 एवं दो पहिया व चार पहिया के लिए 440 रुपये तय है। फार्म नम्बर चार के साथ एक फोटो एवं लर्निग लाइसेंस की मूल प्रति देनी होगी।
- काम की ये है समय सीमा
- लर्निग लाइसेंस : 7 दिन
- ड्राइविंग लाइसेंस : 30 दिन
- ड्राइविंग लाइसेंस की द्वितीय प्रति का निर्गमन : 7 दिन एवं द्वितीय का 15 दिन।
- ड्राइविंग लाइसेंस का स्मार्ट कार्ड में परिवर्तन : 15 दिन।
- इंटरनेशनल ड्राइविंग लाइसेंस : 15 दिन
- वाहनों का अस्थायी निबंधन : 7 दिन
- नये निजी वाहनों एवं परिवहन वाहनों का निबंधन : 30 दिन
- निबंधन प्रमाणपत्र की द्वितीय प्रति : 7 दिन
- निबंधन प्रमाण का नवीनीकरण 15 दिन।
- वाहनों के निबंधन का रद्दीकरण : 45 दिन।
- ट्रेड सर्टिफिकेट का निर्गमन व नवीनीकरण : 15 दिन।
- कर प्रतीक का निर्गमन : एक दिन।
- वाहनों का प्रत्यर्पण : 15 दिन।
- पेट्रोलपंप लाइसेंस व नवीनीकरण: 15 दिन।
- परिवहन वाहनों के दुरूस्ती प्रमाण का निर्गमन व नवीनीकरण : 15 दिन।
- दुर्घटनाग्रस्त वाहनों का जांच प्रतिवेदन : 15 दिन।
- दुरूस्ती प्रमाणपत्र की द्वितीय प्रति का निर्गमन : 7 दिन।
- कर छूट/वापसी के आवेदनों का अग्रसारण : 30 दिन।
---------------------
किस काउंटर पर होगा कौन सा काम
काउंटर एक एवं दो : कार्य एचएसआरपी संबंधित।
- काउंटर तीन : कार्य- ड्राइविंग लाइसेंस वितरण।
- काउंटर चार : कार्य - ड्राइविंग शुल्क।
- काउंटर पांच : कार्य - अन्य शुल्क।
- काउंटर छह : कार्य - लर्निग लाइसेंस वितरण।
काउंटर सात : कार्य - टैक्स टोकन, कमी।
काउंटर आठ : कार्य - सभी वाहनों के निबंधन शुल्क।
- काउंटर नौ : कार्य - निबंधन शुल्क (डीलर)।
- काउंटर दस : कार्य - डी.एल. बैकलॉग इंट्री।
- काउंटर 11 : कार्य - बैकलॉग निबंधन।
- काउंटर 12 : कार्य - आरटीपीएस।