मुजफ्फरपुर के डा. आशुतोष को राष्ट्रीय सम्मान, 450 बच्चों की सफल सर्जरी का मिला पुरस्कार
एसकेएमसीएच के डा. आशुतोष कुमार को शिशु सर्जरी में उल्लेखनीय योगदान के लिए तमिलनाडु में 'तेजस्वी अवार्ड' से सम्मानित किया ...और पढ़ें

सम्मानित होते एसकेएमसीएच के डा. आशुतोष।
HighLights
डा. आशुतोष कुमार को 'तेजस्वी अवार्ड' से सम्मानित किया गया।
शिशु सर्जरी में उत्कृष्ट योगदान के लिए राष्ट्रीय स्तर पर पहचान।
एसकेएमसीएच में 450 बच्चों की सफल सर्जरी का रिकॉर्ड।
केशव कुमार, मुजफ्फरपुर । एसकेएमसीएच के चाइल्ड सर्जरी विभागाध्यक्ष डा. आशुतोष कुमार को शिशु सर्जरी के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया है।
तमिलनाडु के महाबलिपुरम में आयोजित युवाकान कांफ्रेंस में उन्हें ‘तेजस्वी अवार्ड’ प्रदान किया गया। यह सम्मान शिशु सर्जरी के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले चिकित्सकों को दिया जाता है।
युवा कांफ्रेंस में बिहार के पांच चिकित्सकों को अवार्ड के लिए आमंत्रित किया गया था। इनमें ईस्ट जोन से डा. आशुतोष कुमार का चयन हुआ।
उन्हें यह सम्मान आईएपीएस के अध्यक्ष डा. हर प्रकाश निगलानी और सचिव डा. अरविन्द सिन्हा ने प्रदान किया। राष्ट्रीय स्तर के इस सम्मान से मुजफ्फरपुर के चिकित्सकों के साथ चिकित्सक के गांव गोपालगंज में खुशी है।
सरकारी क्षेत्र में शिशु सर्जरी की बड़ी भूमिका
डॉ. आशुतोष कुमार अब तक 450 बच्चों का सफल आपरेशन कर चुके हैं। एसकेएमसीएच उत्तर बिहार का शिशु सर्जरी की सुविधा देने वाला इकलौता सरकारी मेडिकल कालेज है।
ऐसे में यहां गंभीर और जटिल बीमारियों से पीड़ित बच्चों का इलाज करने में डा. आशुतोष की भूमिका महत्वपूर्ण है।
सरकारी अस्पताल में विशेषज्ञ शिशु सर्जरी की सुविधा मिलने से उत्तर बिहार के दूर-दराज के परिवारों को इलाज के लिए दूसरे राज्यों का रुख करने की जरूरत कम हुई है।
डा. आशुतोष को मिला यह सम्मान परिवार व जिले के लिए भी उपलब्धि है। मूल रूप से गोपालगंज जिले के दिघवा दुबौली निवासी व पूर्व चिकित्सा पदाधिकारी डा. सुबोध कुमार के पुत्र हैं।
