मुजफ्फरपुर में कुत्तों का आतंक, 20 से ज्यादा लोगों को काटा, फिर ग्रामीणों ने एक को पीट-पीटकर मार डाला
मुजफ्फरपुर के कुढ़नी में दो पागल कुत्तों ने 20 से अधिक लोगों को काटकर घायल कर दिया, जिसके बाद आक्रोशित ...और पढ़ें

कुढ़नी पीएचसी में एंटी-रेबीज इंजेक्शन खत्म।
HighLights
दो पागल कुत्तों ने कुढ़नी में 20 से अधिक लोगों को काटा।
आक्रोशित ग्रामीणों ने एक कुत्ते को पीट-पीटकर मार डाला।
पीएचसी में 14 टीके के बाद एंटी-रेबीज इंजेक्शन खत्म हो गया।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। एक के बाद एक लोगों को काटते कुत्ते और उनसे बचने के लिए भागते रहते ग्रामीण। बुधवार को कुढ़नी के तीन पंचायतों में कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला। दो पागल कुत्तों ने 20 से ज्यादा लोगों को काटकर घायल कर दिया।
लगातार हमलों से आक्रोशित ग्रामीणों ने एक कुत्ते को पकड़ लिया और पीट-पीटकर मार डाला। कुत्ते के हमले में घायल लोग जब इलाज के लिए कुढ़नी पीएचसी पहुंचे तो वहां एंटी-रेबीज इंजेक्शन खत्म होने से उनकी परेशानी और बढ़ गई।
तीन पंचायतों में कुत्तों का आतंक
कुढ़नी, बंगरा बंशीधर और रजला पंचायत में बुधवार को दो कुत्तों ने कई लोगों को अपना शिकार बनाया। अचानक हुए हमलों से गांवों में अफरातफरी मच गई। कुढ़नी के अशोक साह, राज कुमार चौधरी, वार्ड-9 के सदस्य कन्हाई कुमार, मंजुला देवी और मंजू देवी समेत 20 से अधिक लोग कुत्ते के काटने से जख्मी हुए।
ग्रामीणों ने एक कुत्ते को मार डाला
लगातार लोगों को काटने के बाद ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ गया। ग्रामीणों ने एक कुत्ते को घेर लिया और पीट-पीटकर मार डाला। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली। हालांकि, कुत्ते के काटने से घायल लोगों के सामने रेबीज से बचाव के लिए तत्काल टीका लगवाने की चुनौती खड़ी हो गई।
14 लोगों को लगा टीका, फिर खत्म हुआ इंजेक्शन
सभी जख्मी लोग एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगवाने कुढ़नी पीएचसी पहुंचे। पीएचसी प्रभारी रीता रेणु चौधरी ने बताया कि करीब 14 लोगों को एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगाया गया। इसके बाद अस्पताल में इंजेक्शन खत्म हो गया। टीका उपलब्ध नहीं होने के कारण कुछ घायल लोगों को बिना इंजेक्शन लगाए ही वापस लौटना पड़ा।
इंजेक्शन का इंतजार
पीएचसी में एंटी-रेबीज इंजेक्शन खत्म होने से घायल लोगों और उनके स्वजन में नाराजगी देखी गई। लोगों ने अस्पताल प्रबंधन के प्रति असंतोष जताया। मनीष कुमार पप्पू ने बताया कि अस्पताल प्रबंधन ने गुरुवार को इंजेक्शन उपलब्ध कराने का भरोसा दिया है। पीएचसी प्रभारी ने भी कहा कि जिला से इंजेक्शन आने के बाद शेष जख्मी लोगों को टीका लगाया जाएगा।
