Muzaffarpur News: डीएम ने की बाढ़ राहत कार्य की समीक्षा, जिले में 22 लाख से अधिक आबादी प्रभावित
डीएम ने की राहत कार्य की समीक्षा पीडि़त परिवारों को शीघ्र सहायता राशि भुगतान के निर्देश। जानिए प्रखंडवार सहायता राशि भुगतान की स्थिति
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। जिले में इस वर्ष बाढ़ ने 15 प्रखंडों के 22 लाख से अधिक की आबादी को प्रभावित किया है। इन पीडि़त परिवारों को सहायता राशि उपलब्ध कराए जाने की डीएम डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने शुक्रवार को समीक्षा की। बैठक में अपर समाहर्ता, आपदा प्रबंधन अतुल कुमार वर्मा ने राहत कार्यों व बाढ़ सहायता राशि भुगतान संबंधित विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की। बताया गया कि जिले के 15 प्रखंड की 287 पंचायतों के 22 लाख 66 हजार 565 आबादी बाढ़ से प्रभावित हुई है। इसमें छह लाख 51 हजार 695 परिवार प्रभावित हुए। जीआर भुगतान की प्रखंडवार स्थिति से अपर समाहर्ता ने डीएम को अवगत कराया गया।
उन्होंने बताया कि पांच लाख 56 हजार 956 परिवारों को जीआर भुगतान की अनुशंसा राज्य को की जा चुकी है। इसमें से कुल चार लाख दो हजार 854 परिवारों को भुगतान कर दिया गया है। शेष बचे परिवारों का भुगतान शीघ्र कराने का डीएम ने निर्देश दिया। बैठक में यह भी बताया गया कि बाढ़ के दौरान कुल 75 हजार 921 पॉलिथीन सीट का वितरण किया गया है। वहीं सूखा राशन पैकेट 57 हजार 33 का वितरण किया गया। बाढ़ के दौरान चलाए गए सामुदायिक रसोई में भोजन करने वाले कुल व्यक्तियों की संख्या 41 लाख 90 हजार 397 रही।
प्रखंडवार सहायता राशि भुगतान की स्थिति
कटरा-50291, औराई- 58719 बोचहां- 47637 ,गायघाट -45534, मीनापुर- 49312, मोतीपुर- 3952 ,साहिबगंज- 21537, पारु-26721, कांटी - 9251, कुढऩी - 22460, बंदरा-20002, मुशहरी- 23838,मुरौल- 659 ,सकरा- 11133,सरैया-5877।