शहर के इन दो प्रसिद्ध शोरूम में मिली करोड़ों की गड़बड़ी
शहर के दो प्रसिद्ध शोरूम मोतीझील स्थित खालसा क्लाथ व ब्रह्मापुरा स्थित सिटी प्लाई एंड ग्लास हाउस में आयकर विभाग का सर्वे हुआ है। दोनों पर दो-दो करोड़ रुपये से अधिक का जुर्माना हुआ है। दोनों प्रतिष्ठानों में 36 घंटे से अधिक समय तक जांच चली। इस दौरान गहन छानबीन में दोनों ही प्रतिष्ठानों में करोड़ों के लेनदेन के कागज नदारद पाए गए।
मुजफ्फरपुर । शहर के दो प्रसिद्ध शोरूम मोतीझील स्थित खालसा क्लाथ व ब्रह्मापुरा स्थित सिटी प्लाई एंड ग्लास हाउस में आयकर विभाग का सर्वे हुआ है। दोनों पर दो-दो करोड़ रुपये से अधिक का जुर्माना हुआ है। दोनों प्रतिष्ठानों में 36 घंटे से अधिक समय तक जांच चली। इस दौरान गहन छानबीन में दोनों ही प्रतिष्ठानों में करोड़ों के लेनदेन के कागज नदारद पाए गए। सहयोग नहीं मिलने से विभाग को जांच करने में कठिनाई आ रही है। सर्वे के लिए आयकर विभाग की दो टीमें संयुक्त आयुक्त प्रणव कुमार कोले की अगुवाई में बनी थीं।
जांच के दायरे में दोनों प्रतिष्ठानों की आर्थिक कुंडली रही है। नोटबंदी के बाद बैंकों में जमा राशि का आकलन किया गया। स्टॉक रजिस्टर और शोरूम में उपलब्ध साड़ियां और सूटिंग्स शर्टिग्स के अलावा अन्य कपड़ों की सूची बनाई गई। इसके अलावा प्रतिदिन की विक्रय पंजी व मासिक खरीद का ब्योरा समेत अन्य कागजात शामिल हैं। हालांकि, मौके पर ये सभी गायब थे। यहां तक प्रतिदिन बिक्री की लेखा बही भी नहीं थी। लिहाजा, जांच में मशक्कत करनी पड़ी। अभी पूरी तरह फाइनल जुर्माने का हिसाब नहीं हुआ है। मोटे तौर पर दो करोड़ रुपये से अधिक का जुर्माना हुआ है।
इसी प्रकार के कागजात सिटी प्लाई एंड ग्लास हाउस में भी मांगे गए। यहां भी तमाम प्रकार की गड़बड़ियां पाई गई हैं। प्रोपराइटर ने छह मंजिल के भवन का अपनी अचल संपत्ति में कहीं जिक्र नहीं किया था। कोई भी महत्वपूर्ण दस्तावेज मौके पर उपलब्ध नहीं थे। स्टॉक रजिस्टर व लेखा बही उपलब्ध नहीं होने पर शोरूम में स्टॉक की सूची बनाकर आयकर भुगतान में गड़बड़ी निकाली और दो करोड़ से अधिक का जुर्माना किया है। वाणिज्य कर विभाग ने दो वाहन किए जब्त
वाणिज्य कर विभाग ने एनएच पर वाहनों की चेकिंग की। इस दौरान दो वाहन जब्त किए गए हैं। ये जानकारी संयुक्त आयुक्त वाणिज्य कर विभाग ज्योतिंद्र कुमार ने दी है। बताया गया कि समस्तीपुर-मुजफ्फरपुर रोड पर पकड़े गए वाहनों से मांगे कागज के साथ ई-वे बिल में गड़बड़ी पाई गई। इसी के साथ सीतामढ़ी, मोतिहारी व रक्सौल में भी एक-एक प्रतिष्ठान का औचक निरीक्षण किया गया है। गड़बड़ियों की जांच पूरी होने के बाद जुर्माना तय होगा।