10 हजार सक्रिय सदस्य बनाएगा जिला जदयू, सूबे में अव्वल रहने का लक्ष्य
सदस्यता अभियान को लेकर हुई पार्टी की बैठक। प्रत्येक बूथ पर बनाएं जाएंगे कम से कम दो सक्रिय सदस्य। जिलाध्यक्ष ने कहा कि पिछली बार जिला सदस्यता अभियान में अव्वल रहा था।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। जिले में जदयू 10 हजार सक्रिय सदस्य बनाएगा। प्रत्येक बूथ पर कम से कम दो सक्रिय सदस्य को पार्टी जोड़ेगी ताकि एक को बूथ अध्यक्ष एवं दूसरे को बूथ सचिव बनाया जा सके। सदस्यता अभियान को लेकर जिला जदयू नेताओं की पार्टी कार्यालय में बैठक हुई। जिलाध्यक्ष हरिओम कुशवाहा ने सदस्यता अभियान में जिले को अव्वल बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया। बैठक में पार्टी के प्रखंड अध्यक्षों एवं राज्य परिषद् के सदस्यों ने भाग लिया।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि पिछली बार जिला सदस्यता अभियान में अव्वल रहा था। इस बार हम पहले से और बड़ा लक्ष्य लेेकर काम करेंगे। पांच जुलाई तक जिले से 10 हजार सक्रिय सदस्य बनाने की जिम्मेवारी पार्टी नेताओं को सौंपी। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी कमर कस चुकी है। सदस्यता अभियान के माध्यम से जिले के कोने-कोने में पार्टी अपनी उपस्थिति का एहसास कराएगी।
सदस्यता अभियान के दौरान कार्यकर्ता पूरी तत्परता के साथ सक्रिय रहेंगे। बैठक को जिलाध्यक्ष के अलावा पर्यवेक्षक दीपक पटेल, अशोक सिंह, रंजीत सहनी, ठाकुर हरि किशोर सिंह, अशोक चौधरी, परशुराम मिश्रा, सुधा चौधरी, कारी साहू, सौरव कुमार साहेब, अरुण कुमार पंकज, प्रमोद कुमार, विनोद कुमार सिंह, संतोष भास्कर, पंकज किशोर पप्पू आदि ने संबोधित किया। मौके पर काफी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप