शादी समारोह में भोज के लिए नहीं दिया न्योता तो किया बवाल, आधा दर्जन घर फूंके, जानें पूरी घटना
प्रेम प्रसंग को लेकर दोनों पक्षों के बीच एक साल से चल रहा था तनाव। खूब चले ईंट-पत्थर व लाठी-डंडे। दोनों पक्ष के आधा दर्जन घायल।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। सदर थाना के बारमतपुर गांव में शादी समारोह में भोज नहीं खिलाने पर बुधवार की रात दो पक्षों में हिंसक झड़प हुई। इसको लेकर गांव में भारी बवाल मचा। एक दर्जन घर को जला दिया गया। इसमें कई मवेशी व वाहनों के जलने की भी सूचना है। दोनों पक्षों में जमकर लाठी डंडे चले व पत्थरबाजी हुई। कई घरों व वाहनों को तोडफ़ोड़ की गई। इस घटना में दोनों पक्षों के आधा दर्जन लोग घायल हो गए। कई राउंड फायरिंग भी की गई। हालांकि पुलिस ने फायरिंग से इन्कार किया है।
गांव में भारी तनाव
देर रात तक अग्निशमन दस्ता की टीम आग पर काबू पाने में लगी रही। पुलिस ने 14 लोगों को हिरासत में लिया है। बवाल की सूचना पर एसएसपी जयंतकांत, सिटी एसपी नीरज कुमार सिंह, नगर डीएसपी रामनरेश पासवान, क्यूआरटी व कई थाने की पुलिस पहुंची तब जाकर मामला शांत हुआ। गांव में भारी तनाव है। पुरुष घर छोड़ कर भाग चले हैं। सदर थानाध्यक्ष मिथिलेश झा ने बताया कि गांव की स्थिति शांतिपूर्ण है।
शिवचंद्र राय की बेटी की थी शादी
गांव के शिवचंद्र राय की बेटी की मंगलवार को शादी थी। इस समारोह में उसने अपने पड़ोसी राजदेव राय उर्फ लालू राय व उसके पक्ष के लोगों को निमंत्रण नहीं दिया। इससे यह पक्ष काफी नाराज चल रहा था। यह पक्ष शादी समारोह में बाधा डालने की धमकी दे रहा था। बुधवार को लड़की के विदा होने के बाद ही विवाद गहराता चला गया। रात लगभग नौ बजे दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। फिर लगभग दो घंटे तक गांव रणक्षेत्र बना रहा।
प्रेम प्रसंग को लेकर पनप रहा था तनाव
पिछले साल 26 जनवरी को प्रेम प्रसंग में एक लड़की गांव के ही लड़के के साथ भाग गई। बाद में दोनों ने शादी कर ली। पुलिस ने लड़की को बरामद कर कोर्ट में पेश किया। उसकी इच्छा के अनुसार कोर्ट ने लड़के के साथ जाने की अनुमति दे दी। इसके बाद दो पक्षों के बीच तनाव चल रहा था। इसी घटना को लेकर लड़का पक्ष वाले को शादी समारोह में शामिल होने का निमंत्रण नहीं दिया गया था।
चौदह लोग हिरासत में
इस बाबत नगर डीएसपी रामनरेश पासवान ने कहा कि आपसी विवाद को लेकर मारपीट की घटना हुई है। चौदह लोगों को हिरासत में लिया गया है। सभी का सत्यापन किया जा रहा है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। कानून हाथ में लेने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।