Durga Puja 2020: मुजफ्फरपुर में दुर्गापूजा को लेकर 295 स्थलों पर दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति
Durga Puja 2020 दुर्गापूजा पर विधि-व्यवस्था बनाए रखने को थानावार 295 स्थलों पर दंडाधिकारियों व पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। मेला का नहीं होगा आयोजन विसर्जन जुलूस की अनुमति नहीं मिलेगी। सार्वजनिक स्थल होटल क्लब आदि में डांडिया व रामलीला नहीं होगी।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। दुर्गापूजा पर विधि-व्यवस्था बनाए रखने को थानावार 295 स्थलों पर दंडाधिकारियों व पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। इसे लेकर डीएम-एसएसपी ने संयुक्त आदेश जारी किया है। पूजा संबंधी किसी भी कार्यक्रम में चुनाव आचार संहिता एवं भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश का उल्लंघन नहीं हो, इसके लिए सभी एसडीओ-डीएसपी को विशेष निर्देश दिया गया है। पूजा का आयोजन मंदिरों में या घर पर ही किया जाएगा। मेला का आयोजन नहीं होगा। पूजास्थल के आसपास खाद्य पदार्थ का स्टाल नहीं लगेगा।
विसर्जन जुलूस की अनुमति नहीं होगी। सार्वजनिक समारोह आयोजित नहीं होंगे। मंदिर में आयोजकों की ओर से पर्याप्त सैनिटाइजर की व्यवस्था की जाएगी। कोविड-19 का संक्रमण रोकने के संबंध में निर्धारित मापदंड का पूरी तरह से अनुपालन अनिवार्य होगा। किसी भी सार्वजनिक स्थल, होटल, क्लब आदि में डांडिया, रामलीला का आयोजन नहीं होगा। सभी जगहों पर मास्क का उपयोग करना व सामाजिक दूरी का अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा। उल्लंघन पर कार्रवाई होगी।
अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई
सामाजिक सद्भाव बिगाडऩे और अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी। सभी संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष चौकसी बरतने का निर्देश दिया गया है। दशहरा के अवसर पर यदि कोई व्यक्ति धर्म व भाषा के आधार पर नफरत फैलाने की कोशिश करता है तो सख्त कार्रवाई होगी।
बनाया गया नियंत्रण कक्ष
पीआइआर में जिला नियंत्रण कक्ष बनाया गया है। यह 26 अक्टूबर की रात 10 बजे तक कार्यरत रहेगा। इसका नंबर 0621- 2212377 व 2216275 है।