यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 25, 2019 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
एसकेएमसीएच में एईएस पीडि़त एक बच्चे की मौत, एक भर्ती Muzaffarpur News
इलाज के दौरान मोतिहारी पीपरा निवासी प्रीति कुमारी की हो गई मौत। पीआइसीयू में 21 बच्चे इलाजरत सात की हालत गंभीर।

मुजफ्फरपुर, जेएनएन। श्रीकृष्ण चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (एसकेएमसीएच) में मंगलवार को एईएस पीडि़त एक बच्चे की मौत हो गई। वहीं पांच नए भर्ती कराए गए हैं। जिसमें एक के एईएस पीडि़त होने की सूचना है। मंगलवार को एईएस पीडि़त मोतिहारी पीपरा निवासी प्रीति कुमारी की मौत हो गई। वहीं पांच नए भर्ती मासूमों में मोतिहारी चकिया के सत्यम कुमार में एईएस की पुष्टि हुई है। इस तरह एसकेएमसीएच और केजरीवाल अस्पताल में इस मौसम में अब तक कुल 144 बच्चों की मौत हो चुकी है जबकि 541 भर्ती कराए गए हैं।
एसकेएमसीएच के रिकॉर्ड के अनुसार इस वर्ष अब तक एईएस से पीडि़त कुल 435 बच्चों को भर्ती किया गया। 423 में एईएस नोन, चार में एईएस अननोन एवं तीन बच्चों में जपानी इंसेफलाइटिस की पुष्टि हुई है। नोन एईएस के 111 बच्चों की मौत हो चुकी है। वहीं 290 स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं। 21 बच्चे अब भी यहां की पीआइसीयू में इलाजरत हैं। इसमें सात की हालत गंभीर बनी हुई है।
