मधुबनी के जयनगर में पंखा से झूलता मिला युवक का शव, घटना के पीछे यह आशंका प्रकट कर रहे स्वजन
स्वजनों के अनुसार पिछले छह माह से मानसिक रूप से परेशान था युवक। युवक गुरुवार की सुबह अपने घर से मॉर्निंग वॉक के लिए निकला था। उसके बाद वह घर वापस नहीं पहुंचा। कुछ देर बाद जब स्वजन दुकान पर पहुंचे तो वहां युवक पंखा से झूलता मिला।
मधुबनी, जेएनएन। जिले के जयनगर बाजार स्थित एक दुकान में एक युवक का शव पंखा से झूलता मिला है। शव मिलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बेलही दक्षिणी पंचायत के वार्ड 14 निवासी महेश कुमार शर्मा के रूप में हुई है। बताया जाता है कि युवक गुरुवार की सुबह अपने घर से मॉर्निंग वॉक के लिए निकला था। उसके बाद वह घर वापस नहीं पहुंचा। कुछ देर बाद जब स्वजन दुकान पर पहुंचे तो वहां युवक पंखा से झूलता मिला। आनन-फानन में फंदा खोलकर युवक को एक निजी क्लिनिक पर ले जाया गया जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी गई। हालांकि, घटना के छह घंटा बाद भी पुलिस मौके पर नहीं पहुंच सकी।
इधर, मौत की सूचना मिलते ही घर में कोहराम मच गया। पत्नी उषा देवी व पांच बेटे-बेटियों का रो-रो कर बुरा हाल है। मृतक को तीन बेटियां व दो बेटे हैं। बड़ी बेटी अनिता कुमारी 16 साल की है, जबकि सुनीता कुमारी 14 व वीनिता कुमारी 12 साल की है। दो पुत्र अमन कुमार 10 वर्ष का और सुमन कुमार 8 वर्ष का है। स्वजनों के अनुसार, लॉकडाउन के समय से ही मृतक मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। बताया जाता है कि उसकी जमीन का अधिग्रहण एनएच 104 में किया गया था जिसका मुआवजा अब तक प्राप्त नहीं हुआ था। मामला कोर्ट में प्रक्रियाधीन है। इस दौरान मृतक मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। गुरुवार की सुबह वह प्रतिदिन की तरह मॉर्निंग वॉक के लिए निकला था। बाद में स्वजनों को दुकान में पंखे से झूलता उसका शव मिला। स्वजनों में पुलिस में कोई लिखित शिकायत नहीं की है। स्वजन व स्थानीय लोग शव के अंतिम संस्कार की तैयारियों में जुटे हैं। अब भी सांत्वना देने के लिए आनेवालों का क्रम जारी है।