18 घंटे तक घर में पड़ा रहा शव
मोतीपुर में पैसे के अभाव में 18 घंटे तक शव घर में ही पड़ा रहा।
मुजफ्फरपुर : मोतीपुर प्रखंड के क्षेत्र के ताजपुर गाव में 45 वर्षीय रामदेव माझी की बीमारी से मौत हो गई। दाह संस्कार को आवश्यक सामान खरीदने के लिए राशि नहीं होने के कारण मृतक का शव 18 घंटे तक उसके दरवाजे पर पड़ा रहा। परिजनों ने सामाजिक संगठनों से मदद मागी जिसके बाद हिन्दुतान संपूर्ण आजाद पार्टी के अध्यक्ष धर्मचंद्र यादव और उपाध्यक्ष संतोष कुमार उर्फ चौथी, मनोज साह ने अंतिम संस्कार के लिए जरूरी सामान ं की व्यवस्था कर शव का अंतिम संस्कार कराया। दोनों ने अर्थी को कंधा दे श्मशान घाट तक पहुंचाया। मृतक रामदेव माझी अपने पीछे पत्नी रोशनी देवी और पाच छोटे- छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। मृतक की पत्नी ने बताया कि उसका परिवार बहुत ही गरीब है। हालाकि उसे अंत्योदय योजना का लाभ मिलता है, परन्तु उससे मिली राशन परिवार चलाने के लिए कम पड़ जाते हैं। 15 दिनों में ही अनाज खत्म हो जाता है। अनाज के अभाव में परिवार के लोग कई बार भूखे सो जाते हैं। काम भी नहीं मिलता है। बताया कि इस कारण उसके पति बीमार रहने लगे। उन्हें टीबी की बीमारी हो गई। राशि के अभाव में समुचित इलाज नहीं हो पाया और 6 अक्टूबर को उनकी मौत हो गई। अबतक प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं मिला। अंतिम संस्कार के लिए पैसे नहीं होने के कारण शव 18 घंटे तक घर में पड़ा रहा। उसने धर्मचंद्र यादव और संतोष उर्फ चौथी को अंतिम संस्कार के लिए राशि और सामान की व्यवस्था के लिए आभार व्यक्त किया।