दरभंगा के सांसद ने किसान आंदोलन की तुलना शाहीन बाग के धरने से की
किसान सम्मेलन में विपक्ष पर गरजे भाजपाई। कहा - किसानों के हित में लिए गए विभिन्न फैसलों से किसान सीधे तौर पर हो रहे लाभान्वित। जिससे 2022 तक किसानों की आमदनी दोगुनी करने का जो लक्ष्य मोदी सरकार ने लिया है वह पूरा होने जा रहा है।
दरभंगा, जासं। जिले सहित पूरे बिहार में एनडीए को मिली ऐतिहासिक जीत ही मोदी सरकार द्वारा लाई गई किसान बिल पर आम जनता की मुहर है। उपरोक्त बातें सांसद गोपालजी ठाकुर ने कहीं। वे शुक्रवार को बहादुरपुर प्रखंड के कुंवर नगर में भारतीय जनता पार्टी की ओर से किसान सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। कहा- शाहीन बाग धरने का ही दूसरा स्वरूप है यह तथाकथित किसान आंदोलन।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से किसानों के हित में लिए गए विभिन्न फैसलों से किसान सीधे तौर पर लाभान्वित हो रहे हैं। जिससे 2022 तक किसानों की आमदनी दोगुनी करने का जो लक्ष्य मोदी सरकार ने लिया है, वह पूरा होने जा रहा है। इससे विपक्ष पूरी तरह घबराया हुआ है। इसी घबराहट में वह अपनी राजनीतिक बेरोजगारी दूर करने के लिए कभी मुसलमानों को कभी दलितों को तो कभी किसानों को गुमराह करने का काम कर रही है। वहीं, कार्यक्रम को संबोधित करते नगर विधायक संजय सरावगी ने कहा कि निचले स्तर पर सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंच रहा है, जिससे बिचौलियों के पेट में दर्द पैदा हो रहा है। उनकी काली कमाई बंद हो गई है। इसलिए वह भेष बदल बदल कर अलग-अलग रूप में सरकार का विरोध कर रहे है।
केवटी विधायक डॉ. मुरारी मोहन झा ने सभी कार्यकर्ताओं को धन्यवाद देते हुए कहा कि केंद्र व राज्य की सरकार लगातार किसानों के हित में कार्य कर रही है। सभी जगहों पर मिली ऐतिहासिक जीत इसका प्रत्यक्ष उदाहरण है। हायाघाट विधायक डॉ. रामचंद्र प्रसाद ने कहा केंद्र की मोदी सरकार किसान और नौजवानों के लिए समर्पित है। सभी स्तरों पर उनके विकास के लिए संकल्पित है। विपक्ष बेवजह किसानों को भड़काने का कार्य कर रही है। जिसका कोई लाभ उसे मिलने वाला नही है। वहीं, विधान पार्षद अर्जुन सहनी ने मोदी सरकार द्वारा लाए गए किसान बिल को किसानों के लिए क्रांतिकारी और ऐतिहासिक करार दिया।
भाजपा के जिला अध्यक्ष जीवछ सहनी ने दरभंगा में मिली एनडीए को ऐतिहासिक सफलता का श्रेय कार्यकर्ताओं को दिया। कहा कि यहां के कार्यकर्ताओं ने अपनी लगन और मेहनत से केवल दरभंगा में जीत ही नहीं दर्ज की, बल्कि बिहार में सरकार बनाने में अहम भूमिका निभाई है। सभी कार्यकर्ता निश्चित ही धन्यवाद के पात्र हैं। मौके पर प्रदेश मंत्री डॉ. धर्मशीला गुप्ता, पूर्व जिला अध्यक्ष हरि सहनी, जिला उपाध्यक्ष संजीव, जिला मंत्री राजेश रंजन, मीना झा, बालेन्दु झा, मणिकांत मिश्र, मीना प्रसाद, जिला मीडिया प्रभारी प्रेम कुमार मिश्रा ङ्क्षरकू सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष संजीव गुप्ता और संचालन जिला महामंत्री ज्योति कृष्ण झा ने किया।