Darbhanga Flight Service: यात्री विमान सेवा के बाद अब शीघ्र शुरू होगी कार्गो सेवा, इस तरह बदलेगी यहां की अर्थव्यवस्था
Darbhanga Flight Service यात्री उड़ान सेवा शुरू होने के बाद अब व्यावसायिक उड़ान सेवा की पहल की जा रही है। यहां से जल्द कार्गे प्लेन की सेवा शुरू होने की उम्मीद है। वर्तमान व्यवस्था के तहत आवश्यकता के अनुरूप सामान्य विमान से भी हो सकेगी माल ढुलाई।
दरभंगा, जेएनएन। दरभंगा से यात्री विमानों के उड़ान भरने के बाद अब व्यावसायिक विमान उड़ाने की योजना पर भी सेवा प्रदाता कंपनी ने काम किया है। इस दिशा में उड़ान सेवा की पहल की जा रही है। ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि अतिशीघ्र यहां से कार्गो प्लेन की सेवा शुरू सेवा शुरू होगी। इसी के साथ दरभंगा व्यावसायिक दृष्टिकोण से सबल होगा। यहां के उत्पादों को आसानी से चंद घंटों में देश के अन्य महानगरों तक पहुंचाया जा सकेगा। किसानों को अच्छा मुनाफा होगा और वे आर्थिक रुप से मजबूत होंगे। यहां के मखाना, आम, लीची, मछली, मिथिला पेंटिग आदि की मांग ना केवल देश में बल्कि विदेशों में भी है। इतना ही नहीं, दरभंगा के अलावा अगल-बगल के कई जिले के किसानों को भी इसका सीधा फायदा मिलेगा। अब तक यहां के उत्पादों को ट्रकों से बाहर भेजा जाता था। चूंकि, आम, लीची आदि उत्पाद जल्द ही खराब होने लगते हैं, लिहाजा आधे उत्पाद पहुंचते-पहुंचते ही खराब हो जाया करते थे। इससे किसानों को मुनाफा नहीं होता था। इनसब को देखते हुए कार्गो प्लेन शुरू करने की दिशा में स्पाइस जेट पहल कर रही है।
बताया जा रहा है कि कंपनी के वरीय अधिकारी इस दिशा में जल्द ही कंपनी के चेयरमैन से बात कर सेवा शुरू कर सकते हैं। बता दें कि इस दिशा में कंपनी के अधिकारी सर्वे भी कर रहे है। देखा जा रहा है कि यहां कितनी मात्रा में प्रतिदिन उत्पादों को बाहर भेजा जा रहा है। ताकि, इसका सही-सही अनुमान लगाकर ग्राफ के माध्यम से कंपनी के समक्ष रखा जा सके। सूत्रों की मानें तो दरभंगा से फिलहाल दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु जानेवाली फ्लाइट में कार्गे सेवा शुरू की जा सकती है। यदि भविष्य में यहां से उत्पादों की बड़ी खेप बाहर भेजी जाती है तो स्पेशल कार्गे सेवा शुरू की जा सकती है।
दरभंगा एयरपोर्ट से उड़ान की कहानी
15 जून-2016 उड़ान योजना स्वीकृत।
24 अगस्त-2017- निविदा का दूसरा चरण शुरू।
24 जनवरी 2018- स्पाइस जेट को तीन हवाई मार्गों पर उड़ान भरने की अनुमति।
24 दिसंबर 2018- तत्कालीन नागरिक उडययन मंत्री सुरेश प्रभु और मुख्यमंत्री ने रखी आधारशिला।
06 मार्च 2019- स्पाइस जेट ने टिकट बुकिंग की तारीख बताई।
30 अप्रैल 2019- स्पाइस जेट ने अधूरे काम की वजह से बुकिंग रोकी।
11 मई 2020- नागरिक उडययन मंत्री ने ट्विट कर दी जानकारी अक्टूबर 2020 तक पूरा होगा काम।
24 जून 2020- मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया हवाई अड्डे का निरीक्षण। काम की प्रगति में तेजी लाने पर की बात।
25 अगस्त 2020- भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण की ओर से दी गई सूचना 31 दिसंबर 2020 तक पूरा होगा काम।
12 सितंबर 2020- नागरिक उडययन मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने की कार्यों की समीक्षा।
21 सितंबर 2020- स्पाइस जेट ने की टिकटों की बुकिंग शुरू।
08 नवंबर 2020 - दरभंगा से दिल्ली, मुंबई और बेगलुरु के लिए विमान सेवा शुरू।