समस्तीपुर में लाॅकडाउन के बीच अपराधियों ने युवक को मारी गोली, पटना रेफर
मोहिउद्दीननगर में अज्ञात अपराधियों ने एक युवक को दो गोली मार दी। उसकी हालत चिंताजनक है। उसे पटना रेफर किया गया है।
समस्तीपुर, जेएनएन। थाना क्षेत्र के महमदीपुर चकला में रिश्तेदार के यहां रह रहे एक युवक को बाइक सवार अपराधियों ने गोली मार दी। उसकी पहचान बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के धान सिरसी निवासी हाती सिंह के रूप में की गई है। उसे गंभीर हालत में इलाज के लिए पटना ले जाया गया। बताया गया कि पांच की संख्या में रहे अपराधी दो बाइकों पर सवार होकर पहुंचे थे। घटना की सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष सुमन कुमार ने पूरी जानकारी ली। बताया कि बख्तियारपुर थाने के धान सिरसी गांव के उक्त युवक पर अपने ही चाचा की हत्या का आरोप है। उसे नामजद आरोपित बनाया गया है। वह अपनी पहचान छुपाकर यहां रह रहा था।
गेट खोलते ही पेट में मारी गोली
जानकारी के अनुसार, हाती सिंह की महमदीपुर के चकला में रिश्तेदारी है। शुक्रवार की सुबह कुछ युवक पहुंचे। बंद दरवाजे को खटखटाना शुरू किया। आवाज सुनकर हाती सिंह दरवाजा खोलने पहुंचा। युवकों ने उसकी पहचान करते ही पेट में गोली मार दी। घटना को अंजाम देने के बाद बाइक से गंगा क्षेत्र की ओर भाग निकले। थानाध्यक्ष सुमन कुमार ने बताया कि पुलिस जांच-पड़ताल में जुटी है।
पूर्व की रंजिश में घटना को अंजाम
सूत्रों की मानें तो पूर्व की रंजिश मे इस घटना को अंजाम दिया गया है। पूरा मामला बख्तियारपुर थाने से जुड़ा है। जख्मी युवक पर भी संगीन आरोप है। थानाध्यक्ष का कहना है कि होली के दिन ही युवक के चाचा की गोली मारकर हत्या की गई थी। उसमें इसका भी नाम है। इधर, जख्मी युवक ने स्थानीय अस्पताल में जो बयान दिया है, उसमें पांच की संख्या में अपराधियों के आने की बात कही है। इसमें दो ज्ञात व तीन अज्ञात हैं। हालांकि, उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बयान पूरा नहीं हो सका। पुलिस का कहना है कि युवक के फर्द बयान पर ही प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। उसके बाद कार्रवाई होगी।