मुजफ्फरपुर में राजद नेता को सरेआम मारी गोली, हालत गंभीर
मॉर्निंग वॉक को निकले राजद के प्रखंड सचिव दिनेश शाह को बाइक सवार अपराधियों ने गोली मार दी जिससे वो गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उनका इलाज चल रहा है, स्थिति गंभीर बतायी जा रही है।
मुजफ्फरपुर [जेएनएन]। मीनापुर थाना क्षेत्र के वासुदेव छपरा गांव निवासी राजद के प्रखंड सचिव दिनेश साह को बाइक सवार अपराधियों ने गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। यह घटना शनिवार की सुबह गांव के निकट घटी। घटना के समय राजद नेता मार्निंग वाक पर निकले थे। गोली मारने के बाद अपराधी भाग चले।
गोली मारने से पहले राजद नेता के साथ टहलने को अपराधियों ने दिया झांसा
सुबह में गांव के दिनेश साह टहल रहे थे। उसी समय एक बाइक पर सवार दो अपराधी वहां पहुंचे। उन्होंने अपनी बाइक अलग खड़ी की।
इसके बाद वे भी राजद नेता के साथ टहलने लगे। टहलने के क्रम में गांव से कुछ दूर आगे जाने पर अचानक उन अपराधियों ने राजद नेता पर पिस्तौल से गोली चला दिया। गोली लगते ही दिनेश साह वहीं गिर गए। उन्हें मरा समझ कर अपराधी वहां से भाग निकले। इसकी सूचना मिलने पर उनके पुत्र व स्थानीय लोगों ने उन्हें एसकेएमसीएच पहुंचाया। जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
17 सितंबर को पूर्व मुखिया के पुत्र को भी मारी गई गोली
17 सितंबर को विश्वकर्मा पूजा समारोह में आर्केस्टा के दौरान गोलीबारी में मीनापुर थाना क्षेत्र के नेहालपुर गांव में पूर्व मुखिया के पुत्र रजनीश कुमार को गोली मारी गई थी। इसके पांच दिन के बाद मुकसूदपुर-मानिकपुर गांव के निकट एनएच-77 पर मिक्सर मशीन ठेकेदार छपरा गांव के विधुभूषण रजक को अपराधियों ने लूटपाट के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी थी। वे रात में काम से समाप्त कर शहर से लौट रहे थे।