अपराधियों ने होटल संचालक को मारी गोली, स्थिति नियंत्रण में Sheohar News
घटना को उस वक्त अंजाम दिया गया जब दुकानदार अपनी दुकान बंद कर रहा था। आसपास के लोग घायल को अस्पताल ले गए जहां इलाज जारी है। पीडि़त के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।
शिवहर, जेएनएन। शिवहर जिला मुख्यालय में अपराधियों ने होटल संचालक को गोली मारकर घायल कर दिया। वहीं बदमाश भाग निकलने में कामयाब रहे। गोली जनता मीट हाउस के संचालक नागेंद्र पटेल के बायें जांघ में लगी है। घटना रविवार की रात करीब ग्यारह बजे की है। घटना को उस वक्त अंजाम दिया गया जब दुकानदार अपनी दुकान बंद कर रहा था। आसपास के लोग घायल नागेंद्र पटेल को सदर अस्पताल ले गए जहां इलाज जारी है। नगर थानाध्यक्ष अशोक कुमार राय ने बताया कि पीडि़त के बयान पर अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। वहीं पुलिस मामले की जांच एवं अपराधियों की गिरफ्तारी में जुट गई है।
इधर उक्त घटना को लेकर स्थानीय व्यवसासियों में खौफ का माहौल है। मुख्यालय के मुख्य पथ एनएच 104 एवं पेट्रोल पंप के समीप अपराधियों के इस दुस्साहसपूर्ण वारदात को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष के अनुसार, जल्द ही इस घटना को अंजाम देने वाले अपराधियों को चिन्हित कर लिया जाएगा। घटना के बाद व्यवसायी के परिजन दहशत में है।
गोली मारने की जानकारी होने पर पीडि़त के घर में कोहराम मच गया। परिवार के सदस्यों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया। गोली मारने की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना के बावत पूरी जानकारी ली। घायल के बयान के आधार पर पुलिस ने अपनी अग्रतर प्रक्रिया शुरू करते हुए कई जगहों पर छापेमारी कर रही है। फिलहाल इस मामले में पुलिस ने किसी भी अपराधी को हिरासत में नहीं लिया है।