दंपती हत्याकांड में 48 घंटे की रिमांड पर आरोपित, पूछे गए 12 सवाल
ब्रह्मापुरा थाना के ज्ञानलोक मोहल्ले में सेवानिवृत्त एआइजीआर अजय कुमार शर्मा और उनकी पत्नी रेणु देवी हत्याकांड के आरोपित नीतेश को 48 घंटे की पुलिस रिमांड पर लिया गया। मंगलवार की शुरु हुई रिमांड अवधि गुरुवार को समाप्त हो जाएगी।
मुजफ्फरपुर। ब्रह्मापुरा थाना के ज्ञानलोक मोहल्ले में सेवानिवृत्त एआइजीआर अजय कुमार शर्मा और उनकी पत्नी रेणु देवी हत्याकांड के आरोपित नीतेश को 48 घंटे की पुलिस रिमांड पर लिया गया। मंगलवार की शुरु हुई रिमांड अवधि गुरुवार को समाप्त हो जाएगी। इसके बाद उसे जेल भेज दिया जाएगा। रिमांड पर लेने के साथ नीतेश से पूछताछ की सिलसिला शुरू हुआ। करीब 12 से अधिक सवाल उससे पूछे गए। उसने रटारटाया पहले जो जवाब दिया वही इस बार भी बताया। हालांकि, पुलिस को संदेह हो रहा है कि वह काफी शातिर है। एक ही जवाब बार-बार दोहरा रहा है। ऐसा लगता है कि वह पूर्व से इसके लिए तैयारी कर आया है। उसके एक भी जवाब में अब तक अंतर नहीं मिला है। पुलिस को आशंका है कि घटना के पीछे जरूर कोई साजिशकर्ता है, जो अब तक पर्दे के पीछे छुपा हुआ है। उसके बारे में पुलिस उससे सवाल पूछ रही है। लेकिन, वह अपने पुराने जवाब पर ही कायम है। मामूली विवाद के कारण हत्या की बात बता रहा है। यह बात पुलिस को खटक रही है।
जेल गए आरोपितों से नहीं स्वीकार रहा संबंध : पुलिस ने उससे पूछा कि जेल भेजे गए आरोपित नीतेश, राकेश और सोहैल से उसका क्या संबंध है। लेकिन, उसने इन्कार कर दिया। कहा कि वह इन तीनों को नहीं जानता है।
चाकू गोद करना चाहता था हत्या : नितेश ने अपने स्वीकारोक्ति बयान में कहा काफी छोटा था तब दंपती के घर काम करता था। बड़ा होने पर पेंटर का काम करने लगा। घटना से एक सप्ताह पूर्व वह रेणु देवी से मिला था। वे उसे अपने घर ले गई थी और काम करने को कहा था। लेकिन, उसने मना कर दिया कहा कि तीन-चार हजार रुपये में उसका गुजारा नहीं होगा। इस पर अजय शर्मा ने उसे खूब गालियां दी थी। वह चुपचाप चला गया था लेकिन, मन में हत्या करने की बात ठान ली। सात जनवरी को वह जेल चौक से काम करके अपने दोस्त के साथ लौट रहा था। उसे ब्रह्मापुरा में छोड़ देने को कहा। पैदल ही दंपती के घर पहुंचा। भीतर गया तो देखा कि अजय पलंग पर सो रहे थे। टेबल पर एक चाकू था। इसी से हत्या करने का सोचा। पर किचेन में गया और एक लोढ़ा लेकर आया। इससे लगातार चार बार सिर पर वार किया। वे वहीं पर ढ़ेर हो गए। तभी रेणु देवी आई। नितेश ने कमरे का बिजली स्वीच ऑफ कर दी। अंधेरे में ही लोढ़ा से मारकर उनकी भी हत्या कर दी। गोदरेज खोला और रुपये निकाले फिर मोबाइल लेकर वहां से भाग गया। किचेन में जाकर बेसिन में अपने कपड़े और हाथ से खून धोए थे।