समस्तीपुर के रोसड़ा में दो पक्षों में विवाद, चप्पे-चप्पे पर सुरक्षाबल के जवान तैनात Samastipur News
उपमुख्य पार्षद के पकड़े जाने की खबर सुनते ही उनके समर्थकों ने शनिवार की रात रोसड़ा-समस्तीपुर एसएच-55 को महावीर चौक के पास तीन घंटे तक जाम कर दिया।
समस्तीपुर, जेएनएन। जिला अंतर्गत रोसड़ा अनुमंडल मुख्यालय में शनिवार को छात्र और किशोरों के बीच शुरू हुए विवाद ने रविवार को और उग्र रूप ले लिया। एहतियातन पुलिस प्रशासन को शहर के चप्पे-चप्पे पर सुरक्षाकर्मियों को तैनात करना पड़ा है। तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए डीएसपी की अगुवाई में पुलिस गश्त कर रही है।
शनिवार को किसी बात को लेकर स्थानीय छात्र एवं किशोरों के बीच विवाद हुआ। धीरे-धीरे इसने हिंसक रूप ले लिया। इस दौरान एक पक्ष के लोगों ने नगर पंचायत के उपमुख्य पार्षद अरुण कुमार पर गोली चलाने का आरोप लगाया। उन्हें पिस्टल के साथ पुलिस के हवाले कर दिया। इस बीच आक्रोशित भीड़ ने दो बाइक को क्षतिग्रस्त कर दिया।
उपमुख्य पार्षद के पकड़े जाने की खबर सुनते ही उनके समर्थकों ने रोसड़ा-समस्तीपुर एसएच-55 को महावीर चौक के पास तीन घंटे तक जाम कर दिया। शनिवार की रात्रि 9:00 बजे से जाम कर रहे लोग अरुण कुमार को रिहा करने की मांग कर रहे थे। पुलिस की ओर से लगातार समझाने के बावजूद वे जाम समाप्त करने को तैयार नहीं थे। मध्यरात्रि 12:00 बजे के करीब उग्र प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव करना शुरू कर दिया। जिसमें आठ पुलिस के जवान जख्मी हो गए। उन्हें अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके बाद भीड़ को वहां से हटाने के लिए पुलिस ने लाठियां चटकाईं। इस दौरान अनुमंडल के सभी थानों की पुलिस रोसड़ा पहुंच गई। अनुमंडल अधिकारी अमन कुमार सुमन एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शहरयार अख्तर स्वयं रात्रि दो बजे तक स्थिति का जायजा लेते रहे। दोनों पक्षों द्वारा एक दूसरे पर मामले को तूल देने का आरोप लगाया जा रहा है। घटना के सही कारणों की जानकारी अब तक नहीं मिल सकी है।