पश्चिम चंपारण में प्रदेश प्रभारी के सामने उलझे कांग्रेसी, घंटों रही अफरातफरी
लोकसभा चुनाव को लेकर सामने आ रहे दावेदार हुआ शक्ति प्रदर्शन। बगहा स्थित अतिथि भवन में पहुंचे बिहार प्रभारी तैयारियों की समीक्षा।
पश्चिम चंपारण, जेएनएन। लोकसभा चुनाव की तिथि जैसे-जैसे नजदीक आ रही है, राजनीतिक सरगर्मी बढ़ती जा रही। गुरुवार को चुनावी तैयारियों की समीक्षा व कार्यकर्ताओं को एकजुट करने के उद्देश्य से बिहार कांग्रेस प्रभारी वीरेंद्र सिंह राठौर बगहा पहुंचे। उनके आगमन पर कार्यकर्ताओं ने फूल माला से स्वागत किया। इसके थोड़ी देर बाद ही बगहा दो स्थित अतिथि भवन में आयोजित स्वागत कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं की अलग - अलग गुट टिकट की दावेदारी को लेकर आपस में उलझ गई।
वाल्मीकिनगर लोकसभा क्षेत्र के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे पंचायत व प्रखंड अध्यक्षों के साथ कार्यकर्ताओं के बीच प्रत्याशी को लेकर घंटों तनातनी होती रही। माहौल बिगड़ता देख बिहार प्रभारी कमरे में चले गए। इसके बाद नाराज कार्यकर्ताओं को मनाने का प्रयास किया जाने लगा। सीतामढ़ी के विधायक अमित कुमार टून्ना ने आइबी में मौजूद कार्यकर्ताओं को समझा-बुझा कर शांत किया।
इससे पूर्व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सह पूर्व सांसद पूर्णमासी राम व विधान पार्षद राजेश राम कार्यकर्ताओं के साथ आइबी के मुख्य गेट पर पहुंचे और श्री राठौर का फूल माला से स्वागत किया। कांग्रेस नेता मो. इरशाद हुसैन भी अपने समर्थकों के साथ आइबी में मौजूद थे। उन्होंने श्री राठौर को फूल माला पहनाकर स्वागत किया।
कई कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने कहा कि एक अन्य नेता के समर्थकों ने माहौल को बिगाडऩे का पूरा प्रयास किया। स्वागत कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष नरेंद्र शर्मा, रमाशंकर दूबे, संदीप उर्फ पप्लू पांडेय, रामानुज मिश्रा, नंदेश उर्फ चुन्नू पांडेय, दयानंद वर्मा, गुड्डू ङ्क्षसह, रामविलास ङ्क्षसह, तुफैल अहमद, भूपेंद्र दूबे समेत कई अन्य मौजूद थे।
महागठबंधन के प्रत्याशी का हाथ मजबूत करेंगे कार्यकर्ता
कार्यकर्ताओं से मिलने के बाद गुरुवार की दोपहर बाद आइबी परिसर में प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए बिहार प्रभारी श्री राठौर ने कहा कि वाल्मीकिनगर लोकसभा क्षेत्र के सभी बूथ, पंचायत व प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों से मिलकर उनकी राय ली गई। पार्टी आलाकमान को इसकी रिपोर्ट देंगे। उन्होंने कहा कि महागठबंधन की सभी पार्टियों के बीच सीटों का बंटवारा करीब करीब हो चुका है। सूची तैयार है, जल्द ही इसे जारी किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि वाल्मीकिनगर लोकसभा क्षेत्र पर कांग्रेस की मजबूत दावेदारी है। हालांकि यदि महागठबंधन कोई निर्णय लेता है तो सभी कार्यकर्ता उसका स्वागत करेंगे। महागठबंधन से आने वाले प्रत्याशी का सभी कार्यकर्ता पूरी निष्ठा के साथ सहयोग करेंगे और महागठबंधन को मजबूत बनाएंगे।
श्री राठौर ने कहा कि देश में परिवर्तन की लहर है, इसका लाभ पार्टी को मिलेगा। स्थानीय स्तर पर टिकट को लेकर चल रही अटकलों के संबंध में उन्होंने कहा कि टिकट को लेकर आखिरी फैसला राष्ट्रीय अध्यक्ष का ही होगा। प्रेस वार्ता में विधान पार्षद राजेश राम, सीतामढ़ी विधायक अमित कुमार टून्ना समेत अन्य मौजूद थे।