मोदी सरकार में देश का सम्मान और देशवासियों का बढ़ा मनोबल: सीएम नीतीश कुमार
रामनगर के छंगुराही बंजरिया में एनडीए की विजय संकल्प रैली में मुख्यमंत्री ने कहा मोदी सरकार की वजह से बिहार का अपेक्षित विकास।
पश्चिमी चंपारण,जेएनएन। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि मोदी सरकार में देश का सम्मान और देशवासियों का मनोबल बढ़ा है। जिस तरह आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई की गई, उससे विश्व में भारत एक शक्ति के रूप में सामने आया है।
मुख्यमंत्री शनिवार को रामनगर के छंगुराही बंजरिया में एनडीए की विजय संकल्प रैली को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि उज्ज्वला, आयुष्मान भारत एवं किसान सम्मान योजना से काफी लाभ पहुंचा है। केंद्र की मोदी सरकार की वजह से बिहार का अपेक्षित विकास हो रहा है। बिहार सरकार की योजना है कि हर गांव में सड़क हो। सड़कों का सुदृढ़ीकरण हो। इसमें केंद्र सरकार का बहुत बड़ा सहयोग है। सड़कों के जीर्णोद्धार के लिए केंद्र सरकार ने 50 हजार करोड़ की योजना स्वीकृत की है। कई सड़कों को एनएच बनाया जा रहा। बिहार के पिछड़ेपन को दूर करने के लिए मोदी सरकार की आवश्यकता है।
कानून का राज किया कायम
मुख्यमंत्री ने विरोधियों पर तंज कसते हुए कहा कि 15 वर्ष बिहार में एक परिवार का राज था। लेकिन, इन लोगों ने विकास नहीं किया। माल बनाने में लगे रहे। इस वजह से अभी जेल में हैं। हमारा धर्म आपकी सेवा है।
उन्होंने कहा कि इस इलाके में थारू आदिवासियों की बड़ी आबादी रहती है। एनडीए से पूर्व की सरकारों ने सिर्फ इन्हें वोट बैंक समझा। इनके उत्थान की बात नहीं की। 13 वर्ष पहले बिहार में एनडीए की सरकार बनी तो हमने थारुओं के विकास के लिए थरुहट विकास अभिकरण की स्थापना की। अभी 242 करोड़ की लागत से थरुहट का समेकित विकास हो रहा।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप