बोले चिराग- मोदी के विरोध में खड़ी सेना का सेनापति कमजोर
लोजपा संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष सांंसद चिराग पासवान कमलपुर हाट प्रांगण में एनडीए प्रत्याशी के पक्ष में आयोजित सभा को किया संबोधित। कहा- युद्घ में सेनापति की होती अहम भूमिका।
दरभंगा, जेएनएन। लोजपा संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष सांंसद चिराग पासवान ने कहा कि युद्घ में सेनापति की अहम भूमिका होती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विरुद्ध तो सेना का सेनापति ही कमजोर है तो वह लड़ाई क्या लड़ेगा। वे बहेड़ी प्रखंड के कमलपुर हाट प्रांगण में समस्तीपुर लोकसभा क्षेत्र के राजग से लोजपा प्रत्याशी रामचंद्र पासवान के पक्ष में शुक्रवार को सभा को संबोधित कर रहे थे।
कहा कि राजग सरकार के कार्यकाल में जनधन योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्यमान भारत योजना, स्वच्छ भारत जैसे अनेकों गरीब उन्मुखी योजना चलाकर जानता का कल्याण किया गया है। सीएम नीतीश कुमार ने बिहार में सात निश्चय योजना चलाकर कायाकल्प कर दिया है। राजग की सरकार विकास की सरकार है। अगले पांच वर्षों में हर खेत तक बिजली पहुंचेगी।
सभा की अध्यक्षता लोजपा के प्रखंड अध्यक्ष प्रभाष लालदेव एवं जदयू के प्रखंड अध्यक्ष विपिन कुमार ने की। संचालन भाजपा नेता अमरनाथ राय ने किया। मौके पर लोजपा के प्रदेश महासचिव आरके चौधरी आदि ने संबोधित किया।