स्कूल नहीं जाने पर मां ने की पिटाई तो घर से भागा बच्चा, झारखंड से भटककर पहुंचा मुजफ्फरपुर
झारखंड के एक बच्चे को स्कूल नहीं जाने पर मां ने की थी पिटाई गुस्से में घर से नानी के घर भागने का किया फैसला। गलत ट्रेन पकडऩे से मुजफ्फरपुर पहुंचा। पुलिस ने दी स्वजनों को सूचना।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। स्कूल नहीं जाने पर मां द्वारा पिटाई करने पर गुस्से में आकर सोम कुमार (10) घर से भाग निकला। वह अपनी नानी के घर जाने को निकला था। लेकिन, झारखंड से भटककर वह सोमवार की रात ब्रह्मपुरा के इमलीचट्टी पहुंच गया। वहां एक मॉल के कर्मियों ने उसे घबराया हुआ देखकर पूछताछ की। इसके बाद उसे ब्रह्मपुरा पुलिस के हवाले कर दिया।
पूछताछ करने पर बालक ने बताया कि वह झारखंड स्थित साहेबगंज जिला के तलझरी थाना के नयाटोला का रहने वाला है। उसके पिता विकास मंडल मजदूरी करते हैं। वह चौथी कक्षा का छात्र है। तीन दिन पूर्व वह स्कूल नहीं गया था। इसका पता लगने पर उसकी मां ने जमकर पिटाई कर दी। इससे वह गुस्से में आ गया और घर से भागने का फैसला किया। उसकी मां ने उसे पांच सौ रुपये देकर किराना का सामान लाने को कहा।
वह पैसा लेकर निकला और महाराजपुर स्टेशन से ट्रेन पकड़कर अपनी नानी के घर जाने को निकल गया। लेकिन, गलत ट्रेन पकडऩे के कारण वह भटक गया। उसने तीन बार ट्रेन बदली। फिर भी वह नानी के घर नहीं पहुंचा। वह मुजफ्फरपुर जंक्शन पहुंच गया। भटकते हुए देख उसे लोगों ने पुलिस के पास पहुंचा दिया। स्वजन से बिछड़कर उसका रो-रोकर हाल बेहाल है। पुलिस ने उसके स्वजन और स्थानीय थाना को सूचना दे दी है।