स्मार्ट सिटी: शहर की रैंकिंग बेहतर करने की चुनौती, नगर निगम इसे कर रहा नजरअंदाज
चैपमैन एवं चर्च रोड पर बह रहा नाले का पानी, नारकीय हालात, दर्जनों घरों में घुसा गंदा पानी, मस्जिद चौक के पास निकासी अवरुद्ध।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। राष्ट्रीय स्तर पर देशभर के शहरों का स्वच्छता सर्वेक्षण चल रहा है। ऐसे में स्मार्ट सिटी का दर्जा प्राप्त कर चुके शहर के समक्ष रैंकिंग में बेहतर करने की चुनौती है। लेकिन, नगर निगम इसे नजरअंदाज कर रहा है। जी हां, शहर की दो प्रमुख सड़कें चैपमैन स्कूल एवं चर्च रोड गंदे पानी का तालाब बनी हैं। चर्च रोड की कई गलियों एवं घरों में भी नाले का पानी प्रवेश कर गया है।
शहर के पूर्व भाग का आउटलेट मस्जिद चौक के पास जाम है। इससे नाले का बहाव अवरुद्ध है। उसका गंदा पानी सड़क पर बह रहा है। चौतरफा नारकीय हालात हैं। लोग घरों से बाहर बावजूद निगम चुप बैठा है। समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है।
शिकायत के बाद भी नहीं सुन रहा निगम प्रशासन
समस्या से स्थानीय वार्ड पार्षद गार्गी सिंह परेशान हैं। वह कई बार इसकी शिकायत निगम के अधिकारियों से कर चुकी हैं। लेकिन, किसी की नींद नहीं खुल रही। उन्होंने कहा कि नगर आयुक्त स्वयं आउटलेट का निरीक्षण कर चुके हैं। समस्या से निजात का आश्वासन दे चुके हैं। बावजूद समस्या जस की तस बनी है। उन्हें लोगों की नाराजगी झेलनी पड़ रही है।
स्वच्छता रैंकिंग में पिछड़ सकता शहर
हालात नहीं बदले तो स्वच्छता रैंकिंग में शहर पिछड़ सकता है। 30 जनवरी से पूर्व कभी केंद्रीय एजेंसी आ सकती है। निगम की उदासीनता के कारण पूर्व के वर्षो 2016 एवं 2017 के सर्वेक्षण में भी शहर की रैंकिंग अच्छी नहीं थी। वर्तमान में जो हालात हैं, शहर की रैंकिंग पहले से भी खराब हो सकती है।