मनाया दीपोत्सव, प्रदूषण मुक्त दीपावली मनाने की ली शपथ
धनतेरस की पूर्व संध्या पर विभिन्न संगठनों और संस्थानों की ओर से गुरुवार को दीपोत्सव का आयोजन हुआ।
मुजफ्फरपुर। धनतेरस की पूर्व संध्या पर विभिन्न संगठनों और संस्थानों की ओर से गुरुवार को दीपोत्सव का आयोजन हुआ। इसमें लोगों ने दीप जला प्रदूषण मुक्त दीपावली मनाने की शपथ ली। संस्कार भारती की मुजफ्फरपुर महानगर इकाई की ओर से संस्था उपाध्यक्ष डॉ.एचएन भारद्वाज के ब्रह्मापुरा स्थित नर्सिग होम की छत पर दीपोत्सव का आयोजन हुआ। महानगर अध्यक्ष डॉ.ममता रानी ने कार्यक्रम के माध्यम से लोगों से आतिशबाजी के बदले पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण पर जोर दिया। साथ ही पारंपरिक ढंग से दीपावली मनाते हुए सरसों या तील के तेल से दीये जलाने की बात कही। केरोसिन का उपयोग कतई नहीं करने का आह्वान किया। मौके पर 108 दीप जलाए गए। गुलाल से रंगोली बनाई गई। सदस्यों ने प्रदूषण मुक्त स्वच्छ दीपावली मनाने की शपथ ली। मौके पर महानगर सचिव प्रभात कुमार, कार्यक्रम संयोजक प्रिंसु मोदी, डॉ.विजया भारद्वाज, डॉ.रागिनी रानी, प्रांतीय महामंत्री डॉ.संजय कुमार, गणेश प्रसाद सिंह, उषा किरण, सुबोध कुमार, संजीव सिंह, मनीषा सिन्हा, डीके सिंह, राजेश कुमार, कोषाध्यक्ष जितेंद्र कुमार, डॉ.पल्लवी सिन्हा, राजेश चौधरी, सुधीर चंद्र वर्मा, राकेश कुमार आदि भी मौजूद रहे। उधर, डीएवी खबड़ा में दीपोत्सव का आयोजन हुआ। बच्चों ने रंगोली बनाई और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी किए। पुरस्कार वितरण भी किया गया। इसमें कर्नल आरके सोलंकी, जिला पंचायती राज पदाधिकारी फैयाज अख्तर, नौनिहाल स्कूल के डॉ.संजय कुमार, व्यवसायी सुनील कुमार, डीएवी के क्षेत्रीय पदाधिकारी एसके झा, प्राचार्य डॉ.मनोज कुमार झा आदि मौजूद रहे। संचालन अमित शरण व धन्यवाद ज्ञापन शशिबाला झा ने किया। इधर, किड्स प्ले सेंटर में दीपोत्सव व रंगोली प्रतियोगिता हुई। सारे अभिभावकों ने भी प्रतियोगिता में भाग लिए। पहला पुरस्कार रिचा तुलस्यान को मिला। इसमें निदेशक हेमा प्रकाश श्रीवास्तव, प्रांजल, श्वेता मोदी, कंचन बंसल, शिवानी अग्रवाल आदि मौजूद रहे। उधर, सिकंदरपुर स्थित भारत स्काउट एंड कैंपस में गरीब बच्चों के लिए कार्यक्रम रखा गया। इसमें उनके बीच पाठ्य सामग्री, बैग, मिठाइयां, दीप, कपड़े व फुलझड़ियां आदि का वितरण किया गया। मौके पर मुख्य अतिथि एसडीओ पूर्वी कुंदन कुमार व एलएस कॉलेज के प्राचार्य डॉ.ओपी राय सहित कई गणमान्य मौजूद रहे।