बदमाशों का कहर, पिस्टल सटा डिलीवरी ब्वॉय से नकदी व सामान लूटे Muzaffarpur News
ब्रह्मपुरा के बृज बिहारी गली की घटना शातिर जॉनसन ने दिया घटना को अंजाम। ग्राहक को सामान पहुंचाने गया था पीडि़त फुटेज में करतूत कैद।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र की बृज बिहारी गली में पिस्टल सटाकर ऑनलाइन शॉपिंग कंपनी के डिलीवरी ब्वॉय से नकदी और सामान लूट लिया गया। पीडि़त कर्मी एक ग्राहक को सामान की डिलीवरी करने गया था। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक पहुंचे और उसका मोबाइल छीन लिया। पिस्टल सटाकर गोली मारने की धमकी देते हुए 19 हजार नकद और सामान से भरा बैग लूट लिया।
घटना के बाद दोनों भाग निकले। पीडि़त सदर थाना के मधुबनी के गौरव कुमार के शोर मचाने पर स्थानीय लोग जुट गए। पुलिस छानबीन में जॉनसन व उसके साथी द्वारा घटना को अंजाम देने की बात सामने आई है।
बता दें कि जॉनसन पूर्व में भी लूट के मामले में जेल जा चुका है। फिलहाल, वह जमानत पर बाहर है। घटना के बाद पीडि़त ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने घटनास्थल के पास लगे सीसी कैमरे के फुटेज को खंगाला। इसमें दोनों बदमाशों की करतूत कैद मिली।
जेल से छूटकर मचा रहा उत्पात
शातिर जॉनसन जेल से छूटने के बाद लगातार लूट की घटनाओं को अंजाम दे रहा है। हाल में चांदनी चौक पर एक शिक्षक पर पिस्टल की बट से वार कर बाइक लूट ली थी। घटना में एक युवक को पुलिस ने लूटी हुई बाइक के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा था। उसने बताया कि घटना को जॉनसन ने अंजाम दिया था। बावजूद इसके ब्रह्मपुरा थाना की पुलिस उसकी गिरफ्तारी नहीं कर पा रही है।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप