बिहार में वित्तमंत्री अरुण जेटली पर मुकदमा, माल्या से मिलीभगत का आरोप
भगाड़े विजय माल्या के देश से भागने की साजिश में केंद्रीय मंत्री अरूण जेटली पर मिलीभगत का आरोप लगा है। इस संबंध में बिहार के मुजफ्फरपुर में एक मुकदमा दाखिल किया गया है।
मुजफ्फरपुर [जेएनएन]। केंद्रीय वित्तमंत्री अरुण जेटली के खिलाफ मुजफ्फरपुर कोर्ट में परिवाद दाखिल किया गया है। यह परिवाद अहियापुर थाना के भीखनपुर गांव के सामाजिक कार्यकर्ता तमन्ना हाशमी ने दाखिल किया है। उन्होंने जेटली पर विजय माल्या को देश से भागने की साजिश में शामिल होने का आरोप लगाया है। कोर्ट ने परिवाद की सुनवाई के लिए 20 सितंबर की तारीख मुकर्रर की है।
लगाया गया यह आरोप
परिवादी ने परिवाद पत्र में कहा है कि वह 13 सितंबर को समाचार पत्र पढ़ रहा था, जिसमें विजय माल्या का बयान प्रकाशित हुआ था। उसने कहा था कि वह रुपये वापस करना चाह रहा था। उसने देश के वित्तमंत्री अरुण जेटली को बताया कि वह लंदन जा रहा है। इसके बाद वह लंदन चला गया और भगोड़ा साबित हुआ। उस पर लगभग नौ सौ करोड़ का ऋण है।
परिवाद पत्र में आरोप लगाया गया है कि वित्तमंत्री की मिलीभगत से माल्या देश छोड़कर भागा है। इस मामले में साजिश के तहत वित्तमंत्री ने देश को धोखा दिया। उन्होंने संसद में भी इस संबंध में कोई बयान नहीं दिया और विजय माल्या के बयान को स्वीकार करना इस साजिश का हिस्सा है।