बालिका गृह कांड : ब्रजेश के ससुराल वालों पर भी शिकंजा, साले की करोड़ों की संपत्ति होगी जब्त Muzaffarpur News
मुशहरी सीओ ने रोहुआ में करोड़ों की संपत्ति की रिपोर्ट डीएम को भेजी। ब्रजेश ठाकुर की संस्था सेवा संकल्प का अध्यक्ष था संजय कुमार सिंह।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। बालिका गृह कांड के मुख्य अभियुक्त ब्रजेश ठाकुर के ससुरालवालों पर भी शिकंजा कस गया है। ब्रजेश के साला संजय कुमार सिंह की मुशहरी अंचल में करोड़ों की संपत्ति का पता चला है। उसे भी जब्त करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। ब्रजेश की संस्था सेवा संकल्प का अध्यक्ष संजय कुमार सिंह था। डीएम के न्यायालय में सेवा संकल्प के सभी पदाधिकारी व सदस्यों की चल-अचल संपत्ति जब्त करने की कार्रवाई में करोड़ों की इस जमीन को भी शामिल किया जा रहा। पिछली सुनवाई में डीएम ने संजय की संपत्ति का विवरण देने का निर्देश मुशहरी सीओ को दिया था।
मधुसूदन सिंह के नाम से भी जाने जाते संजय के पिता दिनकर सिंह
राजस्व कर्मचारी की रिपोर्ट के आधार पर मुशहरी सीओ ने जो विवरण भेजा है, उसके अनुसार संजय कुमार सिंह के पिता का नाम दिनकर कुमार सिंह है। मगर, वे मधुसूदन प्रसाद सिंह के भी नाम से जाने जाते हैं। इस आधार पर जांच में यह बात सामने आई कि मुशहरी अंचल में उनके नाम से छह एकड़ से अधिक जमीन है। इसकी कीमत करोड़ों में आंकी जा रही। कुछ जमीन के रकवा की जानकारी अब भी नहीं मिल सकी है।
चार जमाबंदी की जमीन की भेजी रिपोर्ट
डीएम को भेजी गई रिपोर्ट में संजय कुमार सिंह के नाम से चार जमाबंदी में दाखिल-खारिज की गई जमीन की जानकारी है। इसमें रोहुआ आपुछ, कोठिया दाखिली व रोहुआ राजाराम में यह जमीन है। शहर से सटे कोठिया दाखिली में ही पांच एकड़ 91 डिसमिल जमीन है। रोहुआ आपुछ की जमीन के रकवा की जानकारी नहीं मिल सकी है।
सेवा संकल्प से जुड़े इन लोगों की संपत्ति जब्त करने की चल रही कार्रवाई
संजय कुमार सिंह (अध्यक्ष), रमेश कुमार (सचिव), प्रयागनाथ तिवारी (कोषाध्यक्ष), किरण पोद्दार, संजीता कुमारी, डॉ. आशा व संगीता सुभाषिणी (सभी सदस्य)। इसमें ब्रजेश ठाकुर की पत्नी डॉ. आशा की संपत्ति की जांच प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) भी कर रहा। वहीं, डीएम के कोर्ट में चल रही सुनवाई में अब तक संजय कुमार सिंह के नाम से अचल संपत्ति के रूप में 4.83 डिसमिल जमीन दर्ज थी। यह कुढऩी अंचल में है।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप