BRA Bihar University में पीजी टीचर्स एसोसिएशन चुनाव 24 को, जानें पूरा कार्यक्रम Muzaffarpur News
BRA Bihar University ने जारी किया चुनाव का शिड्यूल। छह जिलों के पीजी शिक्षक होंगे मतदाता। छह पद के लिए होंगे चुनाव 14 को नामांकन 16 को नाम वापसी।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। बीआरए बिहार विश्वविद्यालय ने पोस्ट ग्रेजुएट टीचर्स एसोसिएशन चुनाव की शनिवार को आधिकारिक घोषणा कर दी। चुनाव का शिड्यूल भी जारी कर दिया। पूर्व रजिस्ट्रार व अंग्रेजी के प्रोफेसर डॉ. अजय कुमार श्रीवास्तव चुनाव के निर्वाची पदाधिकारी बनाए गए हैं।
प्रेस कांफ्रेंस में उन्होंने बताया कि छह पदों के लिए 24 अक्टूबर को मतदान होगा। उसी दिन चुनाव परिणाम भी घोषित होगा। अध्यक्ष, महासचिव, संयुक्त सचिव, कोषाध्यक्ष के एक-एक पद के अलावा उपाध्यक्ष के दो तथा कार्यपालक प्रतिनिधि के दस पद के लिए चुनाव होगा। 14 को नामांकन पत्र दाखिल होगा। स्क्रूटनी 15 अक्टूबर को होगी तथा उसी दिन प्रत्याशियों के नाम की घोषणा भी हो जाएगी। 16 अक्टूबर को नामांकन पत्र वापस लिया जा सकेगा।
अंतिम रूप से प्रत्याशियों के नाम की घोषणा 16 अक्टूबर को होगी। 24 अक्टूबर को चुनाव होगा तथा शाम से पहले रिजल्ट की घोषणा भी हो जाएगी। इस चुनाव में बिहार विश्वविद्यालय के 22 स्नातकोत्तर विभागों समेत छह जिलों के पीजी विभागों के शिक्षक मतदाता होंगे। विश्वविद्यालय के इतिहास विभाग में मतदान होगा तथा उसी में मतों की गिनती भी होगी। प्रेस कांफ्रेंस में पूर्व रजिस्ट्रार व बुस्टा के अध्यक्ष डॉ. विवेकानंद शुक्ला व अंग्रेजी के विभागाध्यक्ष डॉ. एसके पॉल, गौरव कुमार भी मौजूद थे।